लंबे इंतजार के बाद आखिरकार एशिया कप 2023 के शेड्यूल का ऐलान होने जा रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीसीबी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जका अशरफ बुधवार को लाहौर में एसीसी एशिया कप 2023 का शेड्यूल जारी करेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस शाम 7:45 बजे शुरू होगी, जिसमें एशिया कप का पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा।
पीसीबी और बीसीसीआई सहित सभी क्रिकेट बोर्ड ने हाइब्रिड मॉडल को स्वीकृति दे दी है। इसके बाद, एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने पिछले महीने घोषणा कर बताया ता कि चार मैच पाकिस्तान में और नौ मैच श्रीलंका में आयोजित किए जाएंगे और यह आयोजन 31 अगस्त से 17 सितंबर तक होगा। इस टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान के पास है, लेकिन बीसीसीआई ने साफ कर दिया था कि सुरक्षा कारणों के चलते और दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के कारण भारतीय टीम पाकिस्तान में नहीं खेल सकती है। इसी वजह से हाइब्रिड मॉडल प्रस्तावित किया गया था। क्योंकि बीसीसीआई ने स्पष्ट रूप से बता दिया था कि वह अपनी टीम पाकिस्तान नहीं भेजेगी।
पीसीबी की क्रिकेट प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नजम सेठी ने हाइब्रिड मॉडल प्रस्तावित किया था और भारत सहित एसीसी के सभी सदस्यों ने इसे स्वीकार कर लिया। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि भारत और पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में दो मैच खेलेंगे और दोनों मैच दांबुला में होंगे। इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल की टीम भाग लेंगी।
एशिया कप 2023 में शामिल सभी छह टीमों को तीन-तीन के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। ये टीमें आपस में खेलेंगी और ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर चार राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां बेहतर खेल दिखाने वाली दो टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी। विश्व कप की तैयारी के लिहाज से यह टूर्नामेंट सभी टीमों के लिए बेहद अहम होगा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मंगलवार को घोषणा की कि वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों और तीन टी20 मैचों की घरेलू सीरीज को जनवरी-फरवरी 2024 से बढ़ाकर जनवरी 2025 कर दिया गया है और इसकी जगह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की घरेलू सीरीज शुरू की गई है।
पीसीबी ने एक अधिकारी में कहा, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घोषणा की है कि उसकी पुरुष टीम आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2024 के लिए सर्वोत्तम तैयारी के अवसर प्रदान करने के अपने रणनीतिक निर्णय के तहत 2023-24 सीजन में न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 अतिरिक्त टी20 मैच खेलेगी।"