इंग्लैंड के धांसू ऑलराउंडर बेन स्टोक्स साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली एशेज सीरीज से बाहर हो सकते हैं। गुरुवार को इसकी जानकारी खुद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने दी। ईसीबी के मुताबिक, स्टोक्स की टूटी हुई उंगली का दोबारा ऑपरेशन किया गया है। बेन स्टोक्स ने भारत के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज से पहले मानसिक स्वास्थ्य के कारणों के चलते क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया था।
आईपीएल के दौरान हुए थे चोटिल
बेन स्टोक्स आईपीएल 2021 के पहले सत्र में एक मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। उस दौरान उनकी इंडेक्स फिंगर (तर्जनी उंगली) में चोट लग गई थी। उंगली का पहला ऑपरेशन कराने के बाद उन्होंने जुलाई में क्रिकेट मैदान पर वापसी की। इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड की कप्तानी करते हुए पाकिस्तान को तीन एकदिवसीय मैचों में 3-0 से शिकस्त दी।
स्टोक्स ने लिया अनिश्चितकालीन ब्रेक
इसके बाद बेन स्टोक्स ने मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान क्रेंदित करने के लिए क्रिकेट से अनिश्चितकाल तक ब्रेक लेने का फैसला किया। जिसके चलते वह भारत के खिलाफ अगस्त में खेली गई टेस्ट सीरीज में भी शामिल नहीं हुए थे। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि अब बेन स्टोक्स को ईसीबी की मेडिकल टीम की देखरेख में अगले चार सप्ताह तक गहन पुनर्वास अवधि से गुजरना होगा।
विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं हैं स्टोक्स
बीते महीने ईसीबी ने संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जाने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान किया। लेकिन चोटिल होने के वजह से बेन स्टोक्स को इंग्लैंड की टीम में जगह नहीं मिली। अब ऐसा लगता है कि वह अपनी दूसरी एशेज सीरीज नहीं खेल पाएंगे। साल 2017-18 में वह ब्रिस्टल होटल में मारपीट में शामिल होने के आरोप के चलते ऑस्ट्रेलिया टूर पर नहीं जा पाए थे। साल 2021-22 में खेली जाने वाली एशेज सीरीज का पहला मकाबला 8 दिसंबर से खेला जाएगा।