एशेज टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला सिडनी में पांचवें दिन रोमांचक तरीके से ड्रॉ हो गया। मैच के अंतिम दिन रविवार (नौ जनवरी) को इंग्लैंड क्रिकेट टीम को मैच बचाने के लिए 10.4 ओवर बल्लेबाजी करनी थी और उसके दो विकेट बचे थे। क्रीज पर जैक लीच और स्टुअर्ट ब्रॉड थे। लीच 100वें ओवर स्टीव स्मिथ की गेंद पर आउट हो गए। स्मिथ को छह साल बाद टेस्ट में गेंदबाजी करते हुए सफलता मिली। इसके बाद उन्होंने ऐसा जश्न मनाया कि फैंस भी हैरान हो गए।
दुनिया के नंबर-4 टेस्ट बल्लेबाज स्टीव स्मिथ विकेट लेने के बावजूद टीम को मैच नहीं जीता सके और जेम्स एंडरसन ने आखिरी ओवर में उनकी छह गेंदों का सामना कर मैच को ड्रॉ करा दिया। इस टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम का सपना सीरीज को 5-0 से जीतने का टूट गया। पैट कमिंस की टीम सीरीज में फिलहाल 3-0 से आगे है। सीरीज का आखिरी मुकाबला होबार्ट में खेला जाएगा।
स्मिथ को कमिंस ने क्यों दी गेंदबाजी?
मैच के पांचवें दिन 99 ओवर के बाद खराब रोशनी के कारण अंपायर ने तेज गेंदबाजों को गेंदबाजी करने से रोक दिया। इस परिस्थिति में पैट कमिंस ने स्टीव स्मिथ को बुलाया। स्मिथ को 2016 से टेस्ट में विकेट नहीं मिला था। उन्होंने 100वें ओवर की आखिरी गेंद पर जैक लीच को आउट कर दिया। लीच 34 गेंद पर 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने शानदार पारी खेली और इंग्लैंड को ड्रॉ के करीब पहुंचा दिया। लीच ने 2019 में हेडिंग्ले टेस्ट में भी ऑस्ट्रेलिया को जीत से रोक दिया था।
2016 के बाद पहली बार स्मिथ ने गेंद से दिखाया जादू
लीच को आउट करने के बाद स्मिथ ने जबरदस्त तरीके से जश्न बनाया। वे गुस्से में दिखाई दिए। सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने उन्हें घेर लिया और काफी देर तक जश्न मनाते रहे। स्मिथ ने पिछली बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2016 में पर्थ टेस्ट में विकेट लिया था। इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें पिछली बार विकेट ओवल में 20 अगस्त 2015 को मिला था।
मैच में क्या हुआ?
मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कंगारू टीम ने पहली पारी को आठ विकेट पर 416 रन बनाकर घोषित किया था। उसके लिए उस्मान ख्वाजा ने 137 रन और स्टीव स्मिथ ने 67 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड ने 291 रन बनाए। उसके लिए पहली पारी में जॉनी बेयरस्टो ने 113 और बेन स्टोक्स ने 66 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी को छह विकेट पर 265 रन बनाकर घोषित कर दिया। दूसरी पारी में भी ख्वाजा ने शतक लगाया। उन्होंने नाबाद 101 रन और कैमरून ग्रीन ने 74 रन बनाए। इस तरह इंग्लैंड को जीत के लिए 388 रन का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड की टीम नौ विकेट पर 270 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराने में सफल रही।