इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का 5वां टेस्ट सिडनी में मैच खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन रविवार को इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने टेस्ट क्रिकेट में अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की। कुक ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 12000 रन पूरे किए। हालांकि वो ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके और 10 रन बनाकर नाथन लियोन के शिकार हुए।
कुक इस मुकाम पर पहुंचने वाले इंग्लैंड के पहले और दुनिया के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। पिछले हफ्ते मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 244 रनों की पारी खेलने वाले कुक की इस उपलब्धि पर सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।
कुक का यह 152वां टेस्ट मैच खेल था। कुक से पहले सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, जैक कैलिस, राहुल द्रविड़ और कुमार संगकारा टेस्ट क्रिकेट में 12000 रन बना चुके हैं। वहीं, सबसे तेज 12000 हजार रन बनाने के मामले में श्रीलंका के कुमार संगकारा पहले स्थान पर हैं।
पढ़ेंः-
एशेजः पांचवें टेस्ट में भी शतक से चूके रूट, स्टार्क-हेजलवुड ने कराई कंगारुओं की वापसी
गौरतलब है कि पांचवें एशेज टेस्ट के चौथे दिन मॉर्श ब्रदर्स शॉन और मिचेल मॉर्श ने धमाल मचा दिया। दोनों भाईयों ने चौथे दिन शतकीय पारियां खेली, जिसकी मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट कर 649 का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम ने दिन खत्म होने तक 93 पर 4 विकेट खो दिए। स्टंप तक कप्तान जो रूट (42*) और जॉनी बियरस्टो (17*) रन बनाकर क्रीज पर जमें हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया मैच में 210 रनों की बढ़त बनाए हुए है।
बता दें कि कुक ने पिछले हफ्ते मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 244 रनों की पारी खेली थी जिसकी बदौलत वो आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में चोटी के 10 बल्लेबाज़ों में जगह बनाने में सफल रहे। 33 वर्षीय कुक आईसीसी टेस्ट रैंकिंग 8वें स्थान पर पहुंच गए।