वीके सिंह (बाएं) संजय राउत (दाएं)
- फोटो : सोशल मीडिया
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धौंचक और डीएसपी हुमायूं भट के बलिदान के बाद पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने पाकिस्तान को हर तरफ से घेरने की बात कही है। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह का कहना है कि हमें सोचना होगा, क्योंकि जब तक हम पाकिस्तान को अलग-थलग नहीं करेंगे, वे यही सोचेंगे कि यह सामान्य बात है। वहीं, उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना के संजय राउत ने इस घटना के बाद सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि जिस वक्त जवानों पर हमला हो रहा था, उस समय पीएम के ऊपर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फूल बरसाए जा रहे थे। हालांकि, दोनों नेताओं ने एक सुर में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने का विरोध किया है।
केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि अगर हमें उन्हें दबाव में लाना है, तो हमें उन्हें अलग-थलग करना होगा। उन्हें यह जानने की जरूरत है कि जब तक आप खुद सामान्य नहीं हो जाते, तब तक कोई भी सामान्य रिश्ता कायम नहीं रह सकता। पाकिस्तान के साथ क्रिकेट और फिल्म के रिश्ते ठीक नहीं है। पाकिस्तान पर दवाब डालना ही होगा।
क्या बोले संजय राउत?
संजय राउत ने सरकार से पूछा कि आप किस खुशी में फूल बरसा रहे हो? क्या आपको दुख नहीं होता? क्या आपकी तरफ से कोई बयान आया? उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा कहती है कि पीओके को अपने कब्जे में ले लेंगे। दूसरी तरफ भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेल रही है।
राजनीति का शिकार हो रहा खेल
दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंध अच्छे नहीं हैं। इसका असर खेल पर भी पड़ रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच एक दशक से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है। आखिरी बार पाकिस्तान ने 2012-13 में भारत का दौरा किया था। इसके बाद से दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप में एक दूसरे के साथ खेलती हैं। मौजूदा एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में होना था, लेकिन बीसीसीआई ने यहां अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद यह टूर्नामेंट श्रीलंका और पाकिस्तान की सह-मेजबानी में आयोजित हो रहा है। भारतीय टीम के सभी मैच श्रीलंका में ही होने हैं। हालांकि, बाकी खेलों के मामले में ऐसा नहीं है। अन्य खेलों के खिलाड़ी पाकिस्तान जाकर खेलते हैं और इसमें किसी भी तरह की आपत्ति नहीं जताई गई है। पीसीबी के निमंत्रण पर बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला इसी महीने पाकिस्तान गए थे और क्रिकेट मैच लुत्फ उठाया था। ये दोनों रात्रिभोज में शामिल हुए थे।
वनडे विश्व कप के लिए भारत आएगी पाकिस्तान की टीम
पाकिस्तान की टीम अगले महीने वनडे विश्व कप खेलने के लिए भारत का दौरा करेगी। वनडे विश्व कप 2023 का आयोजन पांच अक्तूबर से 20 नवंबर के बीच भारत में होना है। इस दौरान लगभग एक महीने तक पाकिस्तान की टीम भारत में रहेगी और फाइनल या सेमीफाइनल में पहुंचने पर यह समय और बढ़ सकता है।