इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। दिल्ली और यूपी की टीमों के बीच रणजी-2012 की जंग शुक्रवार को शुरू हो रही है। सुबह होते ही दोनों टीमें मैदान में एक दूसरे के खिलाफ खड़ी नजर आएंगी। ठीक 9.30 बजे से मैच शुरू हो जाएगा। सहवाग की सेना से दो-दो हाथ करने को रैना ब्रिगेड ने तगड़ी तैयारी की है।
वैसे तो दिल्ली की टीम एक से बढ़कर एक सितारों से सजी नजर आ रही है मगर रैना के नेतृत्व में यूपी के लड़ाकों का हौसला भी आसमान पर है। क्रिकेट के जानकारों का कहना है कि नेहरू स्टेडियम का विकेट बाउंसी है। इस पर टिककर खेलने की जरूरत होगी। यानी दोनों टीमों के बीच असली इम्तिहान उनके धैर्य का होगा।
नेहरू स्टेडियम अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सुसज्जित दिल्ली और यूपी के बीच शानदार मुकाबले का गवाह बनने को तैयार है। 2008 में इसी पिच पर यूपी को तमिलनाडु ने शिकस्त दी थी। यूपी टीम पुरानी हार से उबरते हुए दिल्ली पर फतह की तैयारी में है।
वीवीआईपी, वीआईपी और जनरल कैटगरी के दर्शकों को बिठाने के लिए अलग-अलग हिस्से बनाए गए हैं। मैदान की क्षमता 5000 दर्शकों की है। रणजी मुकाबले को देखने के लिए जिस तरह से लोगों में जोश है, उसे देखते हुए पहले ही दिन मैदान फुल होने की संभावना है।
गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज माकड़ ने बताया कि बृहस्पतिवार को यूपी और दिल्ली के खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर प्रैक्टिस की। इसके बाद अंपायर अमिश साइबा और उमेश दुबे ने मैच रेफरी बी रघुनाथ के साथ विकेट का जायजा लिया। इस दौरान दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) रणजी सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन और पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी चेतन चौहान भी मौजूद रहे।
पिच रिपोर्ट: पिच क्यूरेटेर योगेश ने बताया कि ग्रीन विकेट होने की वजह इस पर बाउंस देखने को मिलेगी। गेंद टप्पा खाकर कमर से ऊपर आने की संभावना है। विकेट टूटने की संभावना भी कम है, ऐसे में पिच सीम बालरों के लिए मददगार साबित होगी। सुबह नमी के चलते नई गेंद से अतिरिक्त उछाल और स्विंग मिलेगी। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने शुरू में दो-तीन घंटे धैर्य बनाकर रखा तो फायदा मिलेगा। मैदान में धूप बढ़ने के साथ ही पिच पर बल्लेबाजी आसान होती जाएगी। पिच देखने के बाद पूर्व टेस्ट क्रिकेटर चेतन चौहान ने कहा कि विकेट अच्छा है। तेज गेंदबाजों की मदद देने वाला लगता है।
कड़ी सुरक्षा: जीसीए अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि मैच के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। 8.45 पर मैच का उद्घाटन होगा। 9 बजे टॉस होने केसाथ 9.30 बजे से मैच शुरू हो जाएगा। खिलाड़ियों की सुरक्षा में पुलिस के साथ प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स भी तैनात किए गए हैं।
यूपी टीम: सुरेश रैना (कप्तान), पीयूष चावला, प्रवीण कुमार, मोहम्मद कैफ, तन्मय श्रीवास्तव, परविंदर सिंह, भुवनेश कुमार, अमित सिंह, एकलव्य द्विवेदी, अली मुर्तजा, सुदीप त्यागी, मोहम्मद आमिर खान, मुकुल डागर, इम्तियाज अहमद, अनीस आलम, वेंकटेश प्रसाद(कोच), आशीष विंस्टन जैदी (मैनेजर)
दिल्ली टीम: वीरेंद्र सहवाग (कप्तान), गौतम गंभीर, विराट कोहली, इशांत शर्मा, आशीष नेहरा, उन्मुक्त चंद, पुनीत विष्ट, सुमिन नरवाल, मनन शर्मा, मिथुन मन्हास, मिलिंद कुमार, परविंदर अवाना, विकास मिश्रा, पी सांगवान, विजय दहिया (कोच), मनोज चौहान (मैनेजर)
सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा दिल्ली-यूपी के बीच मुकाबला