पाकिस्तान की टीम 2022 टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी, लेकिन इसके बाद से आईसीसी टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पाकिस्तान पिछले साल भारत में खेले गए वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश नहीं कर सकी थी और अब टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण में ही उसका सफर थम गया। हार के बाद एक बार फिर बाबर आजम की कप्तानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी यूनिस खान ने बाबर की जगह फखर जमां को टीम की कमान सौंपने की वकालत की है।
अमेरिका-भारत से मिली थी हार
पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए में शामिल थी जिसमे भारत, अमेरिका, कनाडा और आयरलैंड भी थे। पाकिस्तान को अमेरिका और भारत से हार का सामना करना पड़ा, जबकि उसने कनाडा और आयरलैंड पर जीत दर्ज की। अमेरिका ने पाकिस्तान पर सुपर ओवर में जीत दर्ज की थी, जबकि भारत ने रोमांचक मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को छह रन से हराया था। आयरलैंड के खिलाफ भी पाकिस्तान एक समय खराब स्थिति में था, लेकिन बाबर आजम ने सधी हुई पारी खेलकर टीम को एक और शर्मिंदगी से बचाया।
फखर जमां को कप्तान बनाने की मांग उठी
यूनिस खान ने फखर जमां को कप्तान बनाने की मांग करते हुए कहा, फखर जमां टीम के कप्तान क्यों नहीं हो सकते। क्या वह प्रदर्शन नहीं करते हैं? क्या उन्होंने पिछले साल वनडे विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन नहीं किया था? कौन सा वो खिलाड़ी है जो हमें उम्मीद देता है। टीम में ऐसा कौन सा खिलाड़ी है जो अपना ओपनिंग स्थान छोड़कर चौथे-पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तैयार हो जाता है। कौन अपने स्थान की कुर्बानी दे रहा है? फखर जमां! आप क्यों उन्हें कप्तान नहीं बना रहे हैं।
फखर ने वनडे विश्व कप में किया था प्रभावित
फखर भारत में खेले गए वनडे विश्व कप के शुरुआत में प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे, लेकिन टूर्नामेंट के दूसरे हॉफ में उन्होंने कुछ अच्छी पारियां खेली थी और मैच का रुख पाकिस्तान के पक्ष में मोड़ा था। हालांकि, फॉर्म में आने में फखर ने थोड़ी देर की जिसका खामियाजा पाकिस्तान को उठाना पड़ा था और टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। वहीं, बल्लेबाजी के स्थान में बदलाव भी फखर के लिए फायदेमंद नहीं रहा है। उन्होंने मौजूदा टी20 विश्व कप की चार पारियों में 110 के स्ट्राइक रेट से 33 रन बनाए।