चैंपियंस ट्रॉफी में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी क्रिकेट प्रशंसकों के गुस्से से बचने के लिए घर नहीं लौट रहे हैं। पाक टीम टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं जीत सकी।
पीसीबी सूत्रों के मुताबिक, ‘सिर्फ अब्दुल रहमान, कामरान अकमल, वहाब रियाज, असद शफीक और मोहम्मद इरफान तय कार्यक्रम के अनुसार लंदन से पाकिस्तान रवाना हुए।
टीम के बाकी खिलाड़ी कुछ समय बाद पाक लौटेंगे जबकि कोच डेव व्हाटमोर अन्य कोचिंग स्टाफ के साथ दुबई ठहरेंगे। कुछ खिलाड़ी इंग्लैंड में रहकर लीग क्रिकेट खेल सकते हैं। खिलाड़ियों को डर है कि कहीं प्रशंसक उनके साथ बदसलुकी न कर बैठे।
पाक टीम का टूर्नामेंट में इस कदर प्रदर्शन खराब रहा कि ग्रुप 'बी' में उसे एक भी जीत नसीब नहीं हुई। पूरी तैयारी के साथ इंग्लैंड पहुंची पाक टीम के लिए सबसे खराब अनुभव भारत के साथ हारना रहा जहां उसे करारी हार का मुंह देखना पड़ा।
भारत के खिलाफ हार से पूर्व पाक टीम को वेस्ट इंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने भी हराया था।
पहले भी टीम के शर्मनाक प्रदर्शन के कारण पाक खिलाड़ियों को स्वदेश लौटने पर प्रशंसकों का कोपभाजन बनना पड़ा है। न सिर्फ प्रशंसक ही बल्कि मीडिया भी खिलाड़ियों पर जमकर निशाना साधती है।
दिग्गज बल्लेबाज यूनिस खान और आलराउंडर शाहिद अफरीदी के साथ प्रशंसकों ने उनसे उलझकर कई बार अपनी नाराजगी जता चुके हैं।
पाक की हार पर भड़के दिग्गज
चैंपिंयस ट्रॉफी में पाकिस्तान की हार के बाद पूर्व क्रिकेटर काफी नाराज हैं। पूर्व कप्तान वसीम अकरम और रमीज राजा ने पाक टीम को दोबारा बनाने पर जोर दिया। वहीं, पूर्व महान बल्लेबाज जहीर अब्बास ने कहा कि हम नए बल्लेबाजों के लिए अब कोई रोल मॉडल नहीं है।
मूडी को बनाए कोच : शोएब
पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा कि पीसीबी को आस्ट्रेलियाई के पूर्व आलराउंडर टॉम मूडी को टीम का कोच बनाना चाहिए।
अख्तर ने कहा, ‘हमारी समस्या यह है कि हम क्वालिटी खिलाड़ियों को ग्रूम नहीं कर पा रहे हैं। हमें टॉम मूडी जैसे कोच की जरूरत है जो नई टीम बना सकें। मैं जानता हूं कि वह कैसे काम करते हैं और मैं निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि वह न सिर्फ ड्रेसिंग रूम में जीत की संस्कृति पैदा कर सकते हैं बल्कि खिलाड़ियों को ग्रूम भी कर सकते हैं।’
इमरान ने पाक क्रिकेट को बर्बाद किया : सोहेल
पूर्व कप्तान आमिर सोहेल ने पाक टीम के खराब प्रदर्शन का गुस्सा पूर्व कप्तान इमरान खान पर उतारा।
उन्होंने कहा, ‘इमरान पाक टीम को बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार हैं। इमरान ने हमारे गेंदबाजों को बॉल टेम्परिंग करने के लिए बढ़ावा देकर पाक क्रिकेट को बर्बाद कर दिया। इससे हमारे यहां ऐसी संस्कृति पनपी जहां हम अच्छे तेज गेंदबाज और क्वालिटी ओपनर पैदा नहीं कर सकते।’