ऐतिहासिक लॉर्ड्स में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन ही ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान इंग्लैंड पर अपना शिकंजा कस लिया है।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले इंग्लैंड ने महज 30 रन पर ही अपने 4 विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद कप्तान एलिस्टर कुक (21) ने बेन स्टोक्स (38) के साथ पांचवें विकेट के लिए अविजित 55 रनों की साझेदारी कर टीम को थोड़ा संभाल लिया वरना स्थिति और भी बुरी होती। खेल खत्म होने तक इंग्लैंड का स्कोर 4 विकेट पर 85 रन था।
पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 481 रन पीछे है और उसके पास 6 विकेट ही शेष है। वैसे भी एशेज सीरीज के दौरान लॉर्ड्स में इंग्लैंड का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।
इससे पहले स्टीवन स्मिथ (215) के शानदार दोहरे शतक के बाद धारदार गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे एशेज टेस्ट में अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 566 रन पर घोषित कर दी।
इंग्लैंड ने अपने घर में देखी पहली बार ऐसी बुरी गत
ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी 8 विकेट पर 566 पर घोषित करने के बाद गेंदबाजों ने लाजवाब खेल दिखाया और इंग्लैंड का शीर्ष क्रम तोड़कर रख दिया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने पारी की दूसरी गेंद पर ही ओपनर एडम लिथ (0) को बोल्ड किया। फिर मिचेल जॉनसन ने गैरी बैलेंस (23) और जोए रूट (1) को पवेलियन भेजा। इयान बेल (1) को जोश हेजलवुड ने बोल्ड कर पवेलियन भेजा। इंग्लैंड के चार विकेट 30 रन पर ही गिर गए थे।
ऐसा पहली बार हुआ है जब अपने घर में एशेज सीरीज के मुकाबले के दौरान किसी एक पारी में इंग्लैंड के शीर्ष क्रम के 5 बल्लेबाजों में से 3 बल्लेबाज एक रन या खाता नहीं खोल सके हों। इंग्लैंड का अपने घर में यह 160वां एशेज टेस्ट मैच है और पहली बार शीर्ष क्रम बुरी तरह से नाकाम हुआ है।
इससे पहले शुक्रवार को एक विकेट पर 337 रनों से आगे खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टीवन स्मिथ (215) और क्रिस रोजर्स (173) ने शानदार बल्लेबाजी का क्रम जारी रखा। रोजर्स 173 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड का शिकार बने जबकि कप्तान माइकल क्लार्क सात रन पर पवेलियन लौट गए।
कंगारू कप्तान क्लार्क पिछले 10 एशेज पारियों में एक भी अर्धशतकीय पारी नहीं लगा सके हैं।
लॉर्ड्स में 77 साल बाद स्मिथ ने दोहराया इतिहास
ऑस्ट्रेलिया की ओर से 37 वर्षीय ओपनर क्रिस रोजर्स (173) ने दूसरे विकेट के लिए स्टीवन स्मिथ (215) के साथ रिकॉर्ड 284 रनों की साझेदारी की।
उनके आउट होने के बावजूद स्मिथ के बल्ले से रनों के निकलने का सिलसिला नहीं थमा और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट का अपना चौथा दोहरा शतक ठोंक दिया। स्मिथ ने 346 गेंद की अपनी पारी में 25 चौके और एक छक्का लगाया।
77 साल के बाद लॉर्ड्स में किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने दोहरा शतक लगाने का कारनामा कर दिखाया है। इससे पहले 1938 में बिल ब्राउन ने इस ऐतिहासिक मैदान पर नाबाद 206 रनों की दोहरी शतकीय पारी खेली थी।
महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन एकमात्र इन दोनों के अलावा ऐसे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हैं जिन्होंने लॉर्ड्स में दोहरा शतक लगाया था।
वहीं रोजर्स ने अपना पांचवां टेस्ट शतक पूरा किया जो ऑस्ट्रेलियाई ओपनर के रूप में 35 साल से ज्यादा की उम्र में लगाने का रिकॉर्ड है। इससे पहले मैथ्यू हैडन के नाम यह रिकॉर्ड था जिन्होंने 4 शतक लगाए थे।
ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो इंग्लैंड के ज्यॉफ बॉयकाट और ग्राहम गूच ने 35 साल के बाद भी ओपनिंग करते हुए 10-10 शतक लगाए।