मुंबई में नॉन वेज पकाने को लेकर विवाद सामने आया है। ये अपने आप में पहला ऐसा मामला है जिसमें पड़ोसियों ने पास के ही घर में नॉनवेज बना रहे परिवार पर हमला कर दिया।
ये मामला मराठी थियेटर प्रड्यूसर गोविंद चव्हाण ने दहीसर सोसाइटी के 10-15 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गोविंद का कहना है कि नॉन वेज पकाने और खाने के कारण सोसइटी के कुछ लोगों ने उन फ्लैट पर हमला किया और परिवार के सदस्यों से मार पीट भी की।
हाल ही में एक मामला सामने आया था जब एक मराठी को सिर्फ इसलिए फ्लैट नहीं दिया गया था क्योंकि वो मांसाहारी था। ये मामला अपने आप में अनोखा है।
दर्ज कराई शिकायत
गोविंद पर हुए हमले की बात जंगल में आग की तरह फैली तो उनके आस पास नेताओं की भीड़ लग गई। शाकाहारी लोगों के हमले का शिकार हुए गोविंद के समर्थन में नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई के लिए मांग की।
विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हमला करने वालों के खिलाफ दंगा, गैरकानून जमावड़ा और दूसरों को नुकसान पहुंचाने संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
48 वर्षीय गोविंद ने मांग की है कि उनके मामले में त्वरित कार्रवाई की जाए। पुलिस के मुताबिक चव्हाण की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में अन्य लोगों के भी बयान दर्ज किए गए हैं।
गलत हैं आरोप?
वहीं सोसाइटी के लोगों का इस आरोप से बिल्कुल इंकार है कि उन्होंने नॉन वेज पकाने और खाने के चलते गोविंद पर हमला किया है।
सोसाइटी के निवासी दीक्षित जैन का कहना है कि बृहस्पितवार को एक पार्टी के दौरान गोविंद के कूड़ों का ढेर, बाहर फेंका जा रहा था, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिस वजह से हम उनके घर पर जाने को मजबूर हो गए।
जब हम उनके घर गए तो गोविंद ने ही हमें गालियां दीं और हम पर हमला भी किया। वहीं गोविंद के मुताबिक उन्हें इस तरह का विरोध बीते 6 महीनों से झेलना पड़ रहा है।
सदमे में है पत्नी
मैं जहां रहता हूं वहां गुजराती और मारवाड़ी लोगों की आबादी ज्यादा है। वो चाहते हैं कि मैं अपना फ्लैट बेंच कर कहीं और शिफ्ट हो जाउं क्योंकि मैं और मेरा परिवार नॉन वेज खाता है।
बीते कई दिनों से मुझ पर कई तरह के आरोप लगाए जा चुके हैं।उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार की रात लगभग 50 लोग उनके दरवाजे पर अण्डे फेंकने लगे और उसे तोड़ कर घर वालों के साथ भी बदतमीजी की। कुछ लोगों पुलिस के सामने मेरे 12 साल के बच्चे को मारा भी।
गोविंद की पत्नी अनीता ने कहा कि ये हादसा होने के बाद से वो पूरी रात सो नहीं पाईं हैं और न ही अगले दिन खाना बनाया। अनीता इस हमले के बाद से सदमे में हैं और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।