अफगानिस्तान ने अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए राशिद खान की कप्तानी में मंगलवार को 15 सदस्यीय टीम घोषित की। अफगानिस्तान ने टीम में 19 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद इशाक को शामिल किया है। इशाक ने इस साल टी20 में डेब्यू किया था और वह टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाने में भी सफल रहे। इशाक के अलावा करीम जनत और नूर अहमद को भी टीम में जगह मिली है।
खारोती भी जगह बनाने में सफल रहे
अफगानिस्तान ने अपनी विश्व कप टीम में 20 साल के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर नांग्याल खारोती को भी शामिल किया है जिन्होंने इशाक की तरह ही इस साल डेब्यू किया था। खारोती राशिद खान, मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान और नूर अहमद के साथ टीम के स्पिन विभाग को मजबूती देंगे। तेज गेंदबाजी आक्रमण का जिम्मा नवीन उल हक, फरीद अहमद और फजलहक फारूकी संभालेंगे। 15 सदस्यीय खिलाड़ियों के अलावा सादिक अटल, हजरतुल्लाह जजई और सलीम सैफी रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल हैं।
युगांडा के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगा अफगानिस्तान
अफगानिस्तान की टीम युगांडा के खिलाफ तीन जून को होने वाले मैच से टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला गुयाना में खेला जाएगा। टीम इसके बाद इसी जगह सात जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलेगी। अफगानिस्तान की टीम 13 जून को पापुआ न्यू गिनी और 17 जून को वेस्टइंडीज से खेलेगी। मालूम हो कि अफगानिस्तान ने पिछले साल भारत में खेले गए वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था।
टी20 विश्व कप के लिए अफगानिस्तान की टीम इस प्रकार है...
रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, अजमातुल्लाह ओमरजई, नजिबुल्लाह जादरान, मोहम्मद इशाक, मोहम्मद नबी, गुलबदिन नईब, करीम जनत, राशिद खान (कप्तान), नांग्याल खारोती, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, नवीन उल हक, फजलहक फारूकी, फरीद अहमद मलिक।
रिजर्वः सादिक अटल, हजरतुल्लाह जजई, सलीम सैफी।