फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AFG vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2022 में चूके, 2023 में मैक्सवेल बने रोड़ा; इस बार अफगानिस्तान ने किया पलटवार

Sun, 23 Jun 2024 10:10 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, किंग्सटाउन

सार

AFG vs AUS Highlights  : ऑस्ट्रेलिया के लिए मैक्सवेल (59) के अलावा कोई खिलाड़ी 15 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.2 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। गुलबदीन नईब ने चार विकेट लिए।
विज्ञापन
टी20 विश्व कप 2024 - फोटो : ICC/Afghanistan cricket twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अफगानिस्तान की टीम ने इतिहास रच दिया है। राशिद खान की अगुआई वाली इस टीम ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को हराया है। पिछले साल हुए वनडे विश्व कप 2023 में वह जीत की दहलीज तक पहुंचे थे, लेकिन मैक्सवेल ने उनसे जीत छीन ली थी। हालांकि, इस बार अफगानिस्तान ने ऐसी कोई गलती नहीं की और ऑस्ट्रेलिया को किंग्सटाउन के मैदान पर 21 रन से हरा दिया।
विज्ञापन


दोनों टीमों के बीच वनडे में चार और टी20 में दो मुकाबले खेले गए हैं। वनडे में अफगानिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया से कभी नहीं जीती है, लेकिन टी20 में दूसरे ही मैच में अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी और इतिहास रच दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन बनाए। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 60 रन और इब्राहिम जादरान ने 51 रन की पारी खेली। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.2 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। गुलबदीन नईब ने चार विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

स्टोइनिस-मैक्सवेल का आउट होना टर्निंग पॉइंट

अफगानिस्तान की टीम - फोटो : ICC
इस मैच में एक वक्त ऑस्ट्रेलिया ने 32 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। फिर ग्लेन मैक्सवेल ने मार्कस स्टोइनिस के साथ 39 रन की साझेदारी निभाई। नईब ने स्टोइनिस को आउट करा कर इस साझेदारी को तोड़ा। यहीं से मैच पलट गया। मैक्सवेल ने जब टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक लगाया तो 2023 वनडे विश्व कप की याद आ गई, जब मैक्सवेल ने अविश्वसनीय पारी खेल ऑस्ट्रेलिया को अफगानिस्तान पर जीत दिलाई थी।

ऐसा लग रहा था कि फिर ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत जाएगी, लेकिन गुलबदीन ने मैक्सवेल को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। 2022 टी20 विश्व कप में भी अफगानिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया से महज चार रन से हार गई थी। तब ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 168 रन बनाए थे। जवाब में अफगानिस्तान 20 ओवर में सात विकेट पर 164 रन बना सकी थी। हालांकि, इन छोटी-छोटी हार के बाद अफगानिस्तान ने उम्मीदें नहीं छोड़ीं और अब ऑस्ट्रेलिया को हराकर पुराने मैचों का बदला भी ले लिया।

अब ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत का मुकाबला करो या मरो वाला

ग्लेन मैक्सवेल - फोटो : ICC
ऑस्ट्रेलिया के लिए मैक्सवेल के अलावा कोई खिलाड़ी 15 का आंकड़ा भी नहीं छू सका। ट्रेविस हेड (0), डेविड वॉर्नर (3), कप्तान मिचेल मार्श (12), मार्कस स्टोइनिस (11), टिम डेविड (2), मैथ्यू वेड (5), पैट कमिंस (3), एश्टन एगर (2) और एडम जैम्पा (9) कुछ खास नहीं कर सके। अफगानिस्तान की इस जीत ने सुपर-8 ग्रुप-1 में सेमीफाइनल में पहुंचने की जंग को रोमांचक कर दिया है। अब ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान दोनों के दो-दो अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया को अपना आखिरी सुपर-8 मैच भारत के खिलाफ और अफगानिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। दोनों ही टीमों को जीत की जरूरत होगी। दोनों के एकसाथ जीतने या हारने पर नेट रन रेट का खेल आएगा। 
विज्ञापन

पैट कमिंस की हैट्रिक

अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : ICC
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में छह विकेट पर 148 रन बनाए थे। एक वक्त अफगानिस्तान की टीम ने बिना विकेट गंवाए 118 रन बनाए थे। हालांकि, इसके बाद 30 रन बनाने में टीम ने छह विकेट गंवा दिए। पैट कमिंस ने इतिहास रच दिया। उन्होंने अपने लगातार दूसरे मैच में हैट्रिक ली। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश मैच में कमिंस ने हैट्रिक ली थी। अब अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने लगातार तीन विकेट निकाले। पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर कमिंस ने राशिद खान को आउट किया था। इसके बाद 20वें ओवर की शुरुआती दो गेंद पर करीम जनत और गुलबदीन नईब को आउट किया। वह टी20 विश्व कप में दो हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए भी टी20 अंतरराष्ट्रीय में दो हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी बने।

अफगानिस्तान की पारी
अफगानिस्तान की शुरुआत शानदार रही थी। रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने पहले विकेट के लिए 95 गेंद में 118 रन की साझेदारी निभाई। स्टोइनिस ने गुरबाज को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वह 49 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 60 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद जैम्पा ने 17वें ओवर में अजमतुल्लाह ओमरजई और इब्राहिम जादरान को आउट किया। जादरान ने 48 गेंद में छह चौके की मदद से 51 रन की पारी खेली। ओमरजई ने दो रन बनाए। करीम जनत 13 रन और कप्तान राशिद खान दो रन बना सके। मोहम्मद नबी 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें