भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में एक मार्च से शुरू होगा। चार मैच की सीरीज में भारत 2-0 की अजेयय बढ़त बना चुका है, लेकिन टीम के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल कुछ खास नहीं कर पाए हैं। खराब फॉर्म से जूझ रहे राहुल को लगातार टीम से बाहर करने की बात हो रही है। हालांकि, कप्तान रोहित और कोच द्रविड़ ने उनका समर्थन किया है, लेकिन इंदौर टेस्ट में राहुल की जगह गिल को मौका मिलना तय है। पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का भी मानना है कि तीसरे टेस्ट में शुभमन गिल कप्तान रोहित के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
जियो सिनेमा के स्पोर्ट्स शो आकाशवाणी में आकाश चोपड़ा ने तीसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम का चयन किया। आकाश ने कहा कि तीसरे टेस्ट में राहुल की जगह गिल को मौका मिलने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा “बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच में कई पहलू हैं। हमारी टीम में कोई उप-कप्तान नहीं है और ऑस्ट्रेलिया की टीम में कोई कप्तान नहीं है। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस अभी तक नहीं लौटे हैं, ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में स्टीव स्मिथ टीम की कमान संभालेंगे।"
तीसरे टेस्ट के लिए भारत की संभावित टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी।
आकाश चोपड़ा ने कहा कि पिछले दो मैच खेलने वाले सभी खिलाड़ियों का तीसरे मैच में भी खेलना तय है, लेकिन लोकेश राहुल की जगह शुभमन गिल को मौका मिल सकता है। टेस्ट में उनकी फॉर्म शानदार है। बांग्लादेश में भी उन्होंने रन बनाए थे। जब बाकी दो टेस्ट के लिए टीम का एलान किया गया तो राहुल को उपकप्तान के पद से हटा दिया गया। इससे पता चलता है कि अब आप उपकप्तान नहीं हैं, इसलिए आपको हटाया जा सकता है। हालांकि राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा दोनों ने लोकेश राहुल की प्रतिभा का समर्थन किया है।
2012 में रोहित भी इसी स्थिति में थे
आकाश ने कहा "रोहित 2012 में खुद उस स्थिति में थे जहां उन्हें टीम ने समर्थन दिया था। अब हम जानते हैं कि उन्होंने तब से कितना अच्छा खेला है। इसलिए, वे राहुल में भी उतना ही निवेश करना चाहते हैं, लेकिन समय आ गया है कि राहुल टीम का हिस्सा नहीं होंगे और शुभमन गिल उनकी जगह लेंगे। जैसा कि मुझे लगता है, इसलिए मैं शुभमन गिल को शुभकामनाएं देता हूं। अगर हम इसे भारतीय नजरिए से देखें तो यह रन बनाने का अच्छा समय है।"