फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनचाहा रिकॉर्ड! महज 4 रन पर आउट हुई यह क्रिकेट टीम

Tue, 30 Dec 2014 08:40 AM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
ट्वंटी-20 के आ जाने से क्रिकेट में बल्लेबाजी काफी तेज हो गई है। वनडे और टी-20 के अलावा टेस्ट मैचों में भी बल्लेबाज तेजी से रन बनाते हैं। बल्लेबाज अब जिस अंदाज में रन बना रहे हैं उसे लेकर इस बात की आलोचना भी होती रही है कि क्रिकेट अब बल्लेबाजों का खेल बन गया है।
विज्ञापन


कई आलोचक तो यह तक आरोप लगाते हैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) भी इसे लेकर बेहद गंभीर नहीं है। मैच में बल्लेबाजों के पक्ष में कई नियम हैं तो गेंदबाजों के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा है।

बावजूद इसके गेंदबाज भी कभी-कभी मैच में इतना शानदार प्रदर्शन कर जाते हैं जिस विश्वास कर पाना एक बारगी संभव नहीं होता। अब इस मैच को ही लीजिए, जिसमें एक टीम महज 4 रन पर आउट हो गई और उसके 9 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।
विज्ञापन

टीम के 4 रन में 2 रन तो लेग बाई के ही

मुंबई के ‌शिवाजी पार्क में हैरिस शील्ड इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के एक मुकाबले में यह अनोखा रिकॉर्ड बना। अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के प्लेट ग्रुप फाइनल में राजहंस विद्यालय (अंधेरी) और यशोधाम हाई स्कूल के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें राजहंस विद्यालय की पूरी टीम महज 4 रन बनाकर आउट हो गई।

राजहंस विद्यालय की टीम के लिए यह शर्मनाक वाकया मैच की दूसरी पारी में हुआ। टीम के बल्‍लेबाज गौरंग सच्चर और रेयान थॉमस की कहर बरपाती गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सके और पूरी टीम 4 रन ही बना सकी। गौरंग ने 6 और रेयान ने 4 विकेट झटके। गौरंग ने सभी 6 विकेट एक भी रन दिए बगैर ही झटके, जबकि रेयान को 4 विकेट झटकने के लिए 2 रन खर्च करने पड़े।

दिलचस्प यह है कि राजहंस की टीम से जो कुल 4 रन बने उसमें भी 2 रन लेग बाई के हैं। टीम का सिर्फ एक बल्‍लेबाज ही अपना खाता खोल पाया और उसने 2 रन बनाए। यशोधाम हाई स्‍कूल की टीम ने यह मैच एक पारी और 187 रन से जीत लिया।
विज्ञापन

पहली पारी में भी नाकाम रहा ‌राजहंस विद्यालय

राजहंस विद्यालय का प्रदर्शन पूरे मैच में ही खराब रहा। पहली पारी भी में उसकी पूरी टीम 56 रन पर आउट हो गई थी। उस पारी में भी रेयान थॉमस ने 6 रन देकर 3 विकेट झटके थे। थॉमस ने पूरे मैच में 7 विकेट झटके और वह भी 8 रन देकर।

जबकि दूसरी पारी में राजहंस के 6 विकेट झटकने वाले गौरंग सच्चर ने बल्‍ले से भी कमाल दिखाया और पहली पारी में 85 रन बनाए। यह मैच 24 से 26 दिसंबर तक मुंबई के शिवाजी पार्क में खेला गया।

राजहंस विद्यालय के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद टीम बेहद निराश नजर आई। टीम के कोच नियाज वारसी तो इससे बेहद खफा दिखे। अंग्रेजी अखबार डीएनए के मुताबिक नियाज इस प्रदर्शन से काफी चकित हैं और इसे अपने खिलाड़ियों से जल्द से जल्द भूल जाने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे उन्ह‌ें काफी झटका लगा है।

संक्षिप्त स्कोर- यशोधाम हाई स्कूल (गोरेगांव) 247 पर ऑलआउट (विनय कंवार 53 और गौरंग संचर 85)।
राजहंस विद्यालय (अंधेरी) 56 रन पर ऑलआउट (सचिन सिंह 3/5, रेयान थॉमस 3/6) और दूसरी पारी 4 रन पर आउट।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें