कप्तान चेतेश्वर पुजारा के तिहरे शतक के बाद तेज गेंदबाज जहीर खान के चार विकेटों के दम पर भारतीय टीम ने तीसरा मैच एक पारी और 54 रन से जीतकर सीरीज बराबर कर लिया है।
हुबली में खेले गए तीसरे गैर आधिकारिक टेस्ट मैच के चौथे और अंतिम दिन लंच के बाद भारतीय टीम ने वेस्ट इंडीज ए की दूसरी पारी 242 रनों पर समेट दी। भारतीय क्रिकेट टीम को कल शुरुआती सफलता दिलाने वाले जहीर खान आज तीन विकेट झटक चुके हैं। जबकि अभिषेक नायर को दो सफलता मिली।
इसके साथ ही भारत ए तीन मैचों की चार दिवसीय गैर आधिकारिक टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर खत्म करने में सफल रहा। सीरीज का पहला मैच वेस्ट इंडीज ए ने जीता था। जबकि दूसरा मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था।
तीसरे मैच में पारी की हार टालने के लिए विंडीज टीम को नरसिंह देवनारायन से बड़ी आस थी लेकिन वह 99 रन बनाने के बाद जहीर खान की गेंद पर आउट हो गए।
नायर ने झटके दो विकेट
अभिषेक नायर ने अंतिम दिन की पहली सफलता भारत ए को दिलाई। नायर ने असद फाउद्दीन (49) को कैच आउट करा दिया। असद फाउद्दीन और नरसिंह देवनारायन के बीच चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी हुई।
296 रनों से पिछड़ने के बाद विंडीज टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी और महज 18 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। हालांकि इसके बाद वह संभल गया था। मैच के अंतिम दिन नायर और जहीर खान ने मेहमान टीम को समेट दिया।
पुजारा का तिहरा शतक
इससे पहले मैच के तीसरे दिन चायकाल से पहले ही भारतीय कप्तान चेतेश्वर पुजारा ने तिहरा शतक लगाया। उन्होंने अपनी नाबाद 306 रनों की पारी में 33 चौके भी लगाए।
पुजारा के अलावा सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने 123 रनों की शतकीय पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की थी। पुजारा ने गंभीर के साथ दोहरी शतकीय साझेदारी भी निभाई थी।
भारत ए ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 564 रनों पर घोषित कर दी। भारतीय गेंदबाजों ने वेस्ट इंडीज ए की पहली पारी 268 रनों पर समेट दिया था।