यूं तो टेस्ट क्रिकेट में खेलना हर किसी क्रिकेटर का सपना होता है, अगर यह सपना पूरा हो जाए तो फिर टेस्ट टीम की अगुवाई करना अगला सपना बन जाता है। विराट कोहली के करियर का आज बेहद खास दिन है क्योंकि आज उनकी यही मनोकामना पूरी हुई है।
नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अंगूठे में चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह कोहली को कप्तानी करने का मौका मिला। धोनी जनवरी, 2012 के बाद पहली बार कोई टेस्ट मैच नहीं खेल रहे हैं।
लेकिन आज जब कोहली सफेद टी-शर्ट में टीम इंडिया की अगुवाई करते हुए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क के साथ टॉस करने पहुंचे तो टॉस गंवाने के बाद एक दिलचस्प फैसला ले लिया।
कोहली की टीम जानकार चौंक जाएंगे आप!
विराट कोहली ने टॉस गंवाने के बाद जब टीम एकादश का ऐलान किया तो उसमें शामिल खिलाड़ियों के नाम सुनकर सभी चौंक गए। हालांकि उनका यह चयन बहुत विवादास्पद नहीं है क्योंकि बतौर कप्तान वह किसी भी खिलाड़ी को अपनी टीम में चुन सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट के लिए कोहली ने अपने 11 खिलाड़ियों की सूची में तीन शर्मा सरनेम वाले खिलाड़ियों को शामिल किया, इनमें से एक खिलाड़ी तो अपने टेस्ट करियर का आगाज कर रहा है।
अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और बल्लेबाज रोहित शर्मा तो पहले से ही टेस्ट टीम थे और आज युवा आलराउंडर करन शर्मा को टेस्ट कैप दे दिया गया। इस तरह से देखा जाए तो पहली बार टीम इंडिया में तीन शर्मा खिलाड़ी खेल रहे हैं।
धोनी के 2 'खास' क्रिकेटरों को किया बाहर
अपनी टीम में 3 शर्मा खिलाड़ियों पर भरोसा जताने वाले विराट कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी के 2 खास क्रिकेटरों को बाहर का रास्ता भी दिखा है। धोनी फिरकी गेंदबाज आर अश्विन पर काफी विश्वास करते थे और उन्हें अपनी हर टीम में रखते भी थे, लेकिन कोहली ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में उन्हें नहीं रखा और उनकी जगह नवोदित क्रिकेटर करन शर्मा को मौका देना बेहतर समझा।
इसके अलावा धोनी की अनुपस्थिति में आज के मैच में सुरेश रैना की जगह लगभग पक्की मानी जा रही थी लेकिन उन्हें भी कोहली ने झटका दिया और रैना को अंतिम एकादश में नहीं रखा। रोहित शर्मा को रैना की जगह रखा गया। रैना का प्रदर्शन पिछले कुछ समय से बेहद शानदार रहा था।
ऐसे में कोहली ने धोनी के 2 खास क्रिकेटरों को बाहर कर नई टीम इंडिया बनाने की अपनी योजना पर काम शुरू कर दिया है। कोहली देर-सबेर टीम इंडिया के कप्तान बनने जा रहे हैं, ऐसे में धोनी के दिन अब पूरे होते नजर आ रहे हैं।