पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय वेस्ट इंडीज दौरे पर है और उसने वनडे के बाद टी-20 सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया है, बावजूद इसके कुछ मैचों में फिक्सिंग के आरोप लगे हैं।
ब्रिटिश टैब्लॉइड डेली मेली ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के कम से कम तीन मैच में सट्टा लगाया गया था। सीरीज में मैच फिक्सिंग की बू तब आई जब तीसरा मैच टाई हो गया।
सीरीज के तीन मैच (दूसरा, तीसरा और पांचवां मैच) शक के दायरे में हैं। तीसरा मैच टाई रहा था और पांचवें मैच का परिणाम आखिरी गेंद पर निकला था।
इससे पहले दूसरे मैच में भी लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान के बल्लेबाज पहले पांच ओवर में बल्ले से एक भी रन नहीं बना सके। हालांकि इस दौरान टीम के खाते में पांच रन जुटे तो जरूर मगर वह वाइड के रूप में थे।
आईसीसी की एंटी-करप्शन स्पेशल यूनिट (एयूसीयू) की भी इन मैचों पर निगाह है।
पहला शकः दूसरे मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए पाक के ओपनर पांच ओवर में महज पांच रन बना सके। हालांकि ओपनर नसीर जमशेद ने अर्धशतक जरूर लगाया लेकिन टीम 37 रन से यह मैच हार गई।
दूसरा शकः सीरीज के तीसरे मैच में विंडीज को अंतिम 12 गेंदों में जीत के लिए 24 रनों की दरकार थी जबकि उसके पास एक विकेट शेष थे।
ऐसे में विंडीज टीम जीत से दूर थी लेकिन जेसन होल्डर और केमोर रोच ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच को टाई करा दिया। आखिरी ओवर में होल्डर ने वहाब रियाज की गेंद पर 14 रन ठोककर मैच को टाई करा दिया।
पाक कप्तान मिस्बाह ने जिस तरह से फील्डिंग सेट की और गेंदबाज फुल लेंथ गेंद फेंक रहे थे उसे देखकर कमेंट्रेटर इयान बिशप ऑन एयर लगातार सवाल उठा रहे थे।
तीसरा शकः सीरीज का पांचवां वनडे मैच ग्रॉस इस्लेट में खेला गया। विंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 242 रन बनाए। इस मैच में विंडीज ने 28 ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बना लिए थे।
लेकिन क्रिस गेल और सैमुअल्स ने 29 से 34 ओवर तक पांच ओवर में महज दो रन ही बनाए। 35वें ओवर में विंडीज टीम ने 16 रन ठोक लिए।
जवाब में हिचकोले खाने के बावजूद पाक ने एक गेंद शेष रहते चार विकेट से यह जीत हासिल कर ली।
दूसरा टी-20 भी पाक के नाम
पाकिस्तान ने दूसरा टी-20 मैच भी अपने नाम कर लिया है। पाक ने विंडीज टीम को 11 रनों से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाक ने 20 ओवर में सात विकेट पर 135 रन बनाए। उसकी ओर से उमर अकमल ने 46 और अहमद शहजाद ने 44 रनों का योगदान दिया।
जवाब में मेजबान टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 124 रन ही बना सकी। ड्वेन ब्रॉवो ने सर्वाधिक 35 रनों का योगदान दिया। पाक की ओर से सोहेल तनवीर, जुल्फिकार बाबर और सईद अजमल ने दो-दो विकेट झटके।