फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

धूप आने दो: विदुर के गुप्त-संदेश ने बचाए पांडवों के प्राण, संस्कृति के पन्नों से जानें पूरी कहानी

आशुतोष गर्ग Published by: शुभम कुमार Updated Sun, 29 Dec 2024 05:40 AM IST

सार

युधिष्ठिर ने लाक्षागृह को चारों ओर से देखकर कहा, इस घर का एक-एक कोना आग भड़काने वाली सामग्री से बना है। शत्रु ने बड़ी चतुराई से इसका निर्माण किया है, ताकि हम जब सो रहे हों, तो वह इसे जला दे।
विज्ञापन
विज्ञापन
पांडव - फोटो : MetaAI


पुरोचन ने वारणावत जाकर दुर्योधन की आज्ञानुसार, एक महल तैयार करवाया। इस बीच पांडव वारणावत जाने की तैयारी में जुट गए। यात्रा आरंभ करने से पूर्व विदुर ने युधिष्ठिर से सांकेतिक भाषा में कहा-
  • एक ऐसा अस्त्र है, जो लोहे का तो नहीं है, परंतु शरीर को नष्ट कर सकता है। यदि शत्रु के इस दांव को कोई समझ ले, तो वह मृत्यु से बच सकता है। (अर्थात शत्रुओं ने तुम्हारे लिए एक ऐसा भवन तैयार किया है, जो आग से भड़क उठने वाले पदार्थों से बना है।)
  • आग, घास-फूस और सारे जंगल को जला डालती है। परंतु बिल में रहने वाले जीव उससे अपनी रक्षा कर लेते हैं। यही जीवित रहने का उपाय है। (अर्थात उससे बचने के लिए तुम एक सुरंग तैयार करा लेना।)
  • अंधे को रास्ता व दिशाओं का ज्ञान नहीं होता। बिना धैर्य के समझदारी नहीं आती। यह बात भली-भांति समझ लो। (अर्थात दिशा आदि का ज्ञान पहले से ही ठीक कर लेना, जिससे रात में भटकना न पड़े।)
  • शत्रुओं के दिए हुए बिना लोहे के हथियार को जो स्वीकार करता है, वह बिल में घुसकर आग से बच जाता है। (अर्थात उस सुरंग से यदि तुम बाहर निकल जाओगे, तो उस भवन की आग में जलने से बच जाओगे।)
विदुर ने कहा, घूमने-फिरने से रास्ते का ज्ञान हो जाता है। नक्षत्रों से दिशा का पता लग जाता है, जिसकी पांचों इंद्रियां वश में हैं, शत्रु उसकी कुछ भी हानि नहीं कर सकते। (अर्थात यदि तुम पांचों भाई एकमत रहोगे, तो शत्रु तुम्हारा कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा।)


विदुर का यह संकेत युधिष्ठिर ने समझ लिया था...इसके बाद पांडव, वारणावत की ओर प्रस्थान कर गए। वहां पहुंचकर युधिष्ठिर ने भवन को चारों ओर से देखकर कहा, ‘इस घर का एक-एक कोना आग भड़काने वाली सामग्री से बना है। घी, लाख और चर्बी की मिश्रित गंध से यही प्रमाणित होता है। शत्रु ने बड़ी चतुराई से इसका निर्माण किया है, ताकि हम जब सो रहे हों, तो वह इसे जला दे, परंतु विदुर ने पहले ही यह जान लिया था और तभी उन्होंने हमें गुप्त संदेश द्वारा इसकी सूचना दे दी। अब हमें यहां रहकर रास्तों का पता लगाना चाहिए और फिर एक सुरंग बनाकर हम यहां से निकल जाएंगे।’


इस बीच विदुर ने एक सुरंग खोदने वाले विश्वासपात्र को पांडवों के पास भेजा। उसने आते ही लाक्षागृह के अंदर से एक सुरंग बनाने का काम आरंभ कर दिया। इस कार्य को एक वर्ष बीत गया था। पुरोचन ने देखा कि पांडव भवन में निश्चिंत होकर रहने लगे हैं। पुरोचन को प्रसन्न देखकर युधिष्ठिर समझ गया कि वह भवन में आग लगाने वाला है। इसलिए पांडवों ने तय किया कि वह तत्काल सुरंग के रास्ते निकल भागेंगे।


एक दिन कुंती ने दान देने के लिए ब्राह्मण-भोज कराया। जब सब खा-पीकर चले गए, तब संयोगवश एक भील स्त्री अपने पांच पुत्रों के साथ भोजन मांगने आई। पांडवों ने उन्हें भोजन और मदिरा दी। उसके बाद वे सब लाक्षागृह में ही सो गए। पुरोचन भी वहीं सो रहा था। तभी भीमसेन ने भवन में आग लगा दी, जिसमें भील स्त्री का पूरा परिवार और पुरोचन आदि सब लोग जलकर मर गए। उनके शव जलकर भस्म हो गए थे, इसलिए कोई उन्हें पहचान नहीं पाया और दुर्योधन बहुत समय तक यही समझकर खुश होता रहा कि पांडव लाक्षागृह की आग में मारे गए। इस तरह विदुर के गुप्त संदेश का पालन करके पांडव अपनी माता कुंती के साथ सुरंग में से सुरक्षित निकल गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next