सरफराज को भी भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट में मौका मिल सकता है। ऐसे में भारतीय टीम इस दौर में इस मैच में सबसे युवा होगी। आप भी इस पल के गवाह बनेंगे तो ताउम्र इसे याद रखेंगे।
अगर आप इन दिनों भारतीय क्रिकेट टीम के हर अपडेट पर निगाह रख रहे हैं तो जान लीजिए कि आप इतिहास की एक बड़ी घटना के साक्षी बनने वाले हैं। यह 40 की आयु के क्रिकेट के चाहने वालों के लिए खास तौर पर रोमांचक है। इस पीढ़ी ने सचिन, द्रविड़, गांगुली और लक्ष्मण वाला दौर देखा तो बाद में रोहित और विराट के भी बड़े फलक पर चमकने के साक्षी बने। अब बारी बिल्कुल युवा बिग्रेड की है। हो सकता है कि आज से दस साल बाद जब हम क्रिकेट के आंकड़ों की बात कर रहे हों तो सरफराज खान का नाम उस फेहरिस्त में काफी आगे हो।
यशस्वी जायसवाल का यश काफी बढ़ चुका हो और शुभमन सच में ही भारत क्रिकेट के राजकुमार से नए महाराज बन चुके हों। मैंने तो कभी कल्पना नही की थी कि दिग्गजों से लैस रहने वाली टीम एकदम युवा चेहरों से तरोताजा हो जाएगी। उम्मीद तो यह भी है कि विकेटकीपर ध्रुव जुरैल भी पदार्पण कर सकते हैं। ऐसे में संभव है कि एकदम से उम्मीदों का भार उठाने के कारण शुरूआती मैचों में इनमें से कुछ खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन न सकें।
शुभमन के बारे में ऐसा ही कहा गया लेकिन उन्होंने हर बार खुद को साबित किया। खैर मैं इस आलेख में पाठकों के जेहन में यह बात डालना चाहता हूं कि उनके लिए ये मैच देखना क्यों जरूरी हैं। क्यों जरूरी है कि सरफराज के बल्ले पर लगी पहली गेंद वह देखें और जुरेल खेले तो उनका पहला कैच या स्टंपिंग के गवाह बनें।
दरअसल, जैसा कि शुरू में ही कहा गया कि पूरी भारतीय टीम एक तरह से बदल रही है। इस बदलाव को देखना एक अहम लम्हे को अपनी आंखों से देखना है। इंतजार कीजिए अंतिम 11 की घोषणा का और देखिए बदलते दौर की बदली हुई टीम। वैसे इग्लैंड के बैजबॉल ने भी अभी बहुत निराश नहीं किया है। पिछले मैच में वो हमसे हारे जरूर लेकिन पीछा करते हुए भी चौथी पारी में एक अच्छा खास स्कोर बना लिया था। ऐसे में युवा भारतीय हौसले और परिपक्व इंग्लैंड की टीम का मुकाबला इस बार और भी रोमांचक हो सकता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।