वे ऐतिहासिक एवं कालजयी पल
ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार 26 जनवरी 1950 की प्रातः नव निर्वाचित राष्ट्रपति डा0 राजेन्द्र प्रसाद ने अपने 1, क्वीन विक्टोरिया रोड स्थित आवास से सदलबल नॉर्थ कोर्ट के लिए प्रस्थान किया, जहां वह ठीक 9 बजकर 50 मिनट पर पहुंचे। अपने एडीसी की अगवानी में वह कुछ समय के लिए आसीन हुए। ठीक उसी समय देश विदेश के मेहमान गवर्नमेंट हाउस के दरबार हाॅल में पहुंचने लगे थे। उसी समय ठीक 10 बजे राष्ट्रपति की पत्नी श्रीमती नामगिरी और अन्य पारिवारिक सदस्य भी दरबार हाॅल पहुंचे जिन्हें उचित सम्मान के साथ ’बी’ वाली सीटों पर बिठाया गया।
ठीक 10 बजकर 12 मिनट पर गवर्नर जनरल सी राजगोपालाचारी, नवनियुक्त राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद के साथ नाॅर्थ कोर्ट पहुंचते ही एक मिनट के अंदर दरबार हाॅल की सीढ़ियों पर पहुंचे। वहां से प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने दोनों का स्वागत किया और दोनों अति विशिष्ट हस्तियों को दरबार हाल में उनके आसनों तक ले गए।
दरबार हाॅल की सीढ़ियों के शीर्ष से एडीसी के प्रोसेशन की शक्ल में दोनों हिस्तयां साथ-साथ और एक दूसरे की बगलगीर हो कर आगे बढ़े। उनके पीछे प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं सरदार बल्लभ भाई पटेल और मौलाना अब्दुल कलाम आदि चल रहे थे। मंच तक पहुंचते ही गवर्नर जनरल दाईं वाली और नव नियुक्त राष्ट्रपति बाईं सीट पर आसीन हुए। उसके बाद 10 बज कर 15 मिनट पर बैंड की धुन के साथ राष्ट्रगान शुरू हुआ और फौरन बाद दरबार हाॅल के दरवाजे बंद कर दिए गए।
गवर्नर जनरल की सम्प्रभुता सम्पन्न गणराज्य की घोषणा
समय का चक्र पल-पल घूमता रहा और ठीक 10 बजकर 18 मिनट पर गवर्नर जनरल ने नए सम्प्रभुता सम्पन्न गणराज्य के जन्म की घोषणा करने के साथ ही संविधान सभा का वह पत्र पढ़ा जिसमें गणराज्य के पहले राष्ट्रपति के नाम की घोषणा की गई थी। इसके तत्काल बाद गवर्नर जनरल ने नए राष्ट्रपति को दाईं वाली सीट पर बैठने के लिए आमंत्रित किया और स्वयं बाईं ओर की सीट पर आसीन हो गए।
तत्पश्चात संघीय न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरिलाल जेकिसुनदास कानिया आगे बढ़े और उन्होंने नव नियुक्त राष्ट्रपति को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति ने हिन्दी में शपथ ली। इसके बाद दरवार हाॅल के दरवाजे खोल दिए गए। इसके साथ ही गवर्नर जनरल का झंडा उतार कर भारत का झंडा फहराया गया।
इन औपचारिकताओं के बाद राष्ट्रगान समाप्त होते ही 31 तोपें नए गणराज्य के पहले राष्ट्रपति को सलामी के लिए गरज उठीं। तत्पश्चात 10 बजकर 28 मिनट पर गार्ड ऑफ ऑनर की औपचारिकता समाप्त होते ही राष्ट्रपति ने अपना संक्षिप्त भाषण दिया।
राष्ट्रपति के भाषण के बाद गृह सचिव ने आगे बढ़ कर राष्ट्रपति से अनुमति चाही कि क्या राष्ट्रपति के पद ग्रहण करने की घोषणा सरकारी गजट में प्रकाशित कर उसे सभी जगह प्रसारित किया जाए।
ऐतिहासिक सेरेमनी की समाप्ति
गृह सचिव ने 10 बजकर 35 मिनट पर शपथ ग्रहण समारोह की समाप्ति की घोषणा करने की अनुमति राष्ट्रपति से मांगी। इसके बाद सभा विसर्जन होते ही राष्ट्रपति और गवर्नर जनरल एक जुलूस की शक्ल में दरबार हाॅल से बाहर निकले मगर इस बार उनके पीछे प्रधानमंत्री नहीं थे। निवर्तमान गवर्नर जनरल को एडीसी द्वारा मिंटो रूम में ले जाया गया जबकि राष्ट्रपति उत्तरी गलियारे से ऊपरी बरामदे में ले जाए गए। बाकी सभी मेहमान पुनः अपनी सीटों पर बैठ गए क्योंकि वहीं पर अब कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण होने वाला था।
कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण
ठीक 10 बजकर 38 मिनट पर उत्तरी गलियारे से प्रधानमंत्री नेहरू, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, प्रधान न्यायाधीश और स्पीकर ने ऊपरी बरामदे में वरिष्ठताक्रम में बड़ी मेज के दानों ओर आसन ग्रहण किया। राष्ट्रपति ने प्रोटोकाॅल के अनुसार मेज के शीर्ष पर आसन ग्रहण किया। कैबिनेट सेक्रेटरी राष्ट्रपति के पीछे दाईं ओर बैठे। इसके बाद राष्ट्रपति ने पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को और फिर प्रधान न्यायाधीश हरिलाल जेकिसुनदास कानिया को शपथ दिलाई।
इसके तत्काल बाद राष्ट्रपति, पूर्व गवर्नर जनरल, प्रधानमंत्री और उनके मंत्रियों, प्रधान न्यायाधीश और स्पीकर के साथ दरबार हाॅल के बाॅल रूम पहुंचे जहां विभिन्न देशों के राजनयिक और उनकी पत्नियां प्रतीक्षा में थे। यहां राजनयिकों ने राष्ट्रपति को अपने-अपने परिचय दिए। ठीक 12 बजे राष्ट्रपति बाॅल रूम से निकलने लगे तो तो बैंड की धुन पर राष्ट्रगान शुरू हो गया और इस कार्यक्रम का भी विसर्जन हो गया।
-------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।