तितलियों के लिए देश में कई विशेष उद्यान
- फोटो : पार्थ सारथि मंडल
2011 में पुणे नगर निगम ने एक पूर्व नाले की जगह पर 2 एकड़ जमीन को पुणे तितली उद्यान में परिवर्तित किया, जिसे सुबह शाम सैर और वर्जिश करने वालों के लिए खोल दिया गया। इसी वर्ष चंडीगढ़ में 7.5 एकड़ के फैलाव में एक अत्यंत सुन्दर तितली उद्यान का उद्घाटन किया गया जिसमें कई प्रकार के पेड़-पौधों को उगाया गया और फूल देने वाले पौधों का खास ख्याल रखा गया है।
सिक्किम में भी इसी साल एक बटरफ्लाई रिज़र्व की स्थापना हुई है जो भारत का पहला सबसे बड़ा खुली हवा वाला तितली उद्यान है, जो की 29 एकड़ जमीन पर विस्तृत है।
पूर्वी भारत की जलवायु तितलियों के लिए अनुकूल
पूर्वी भारत में जलवायु काफी भिन्न है और यहां का मौसम कई प्रकार के ऑर्किड पौधों के लिए उपयुक्त है। ऑर्किड तितलियों के पसंदीदा पौधे होते हैं और इस वजह से सिक्किम स्थित यह उद्यान अत्यंत महत्वपूर्ण तितली उद्यान है। गौरतलब है कि सिक्किम के इस तितली उद्यान के निर्माता सहयोगी आर्किटेक्चर ब्रिओ ग्रुप को इस उद्यान के लैंडस्केप आर्किटेक्चर योजना बनाने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में प्रथम पुरस्कार भी मिला है।
अरुणाचल प्रदेश में तितलियों की अच्छी विविधता होने के कारण यहां के राज्य सरकार ने तितली पर्यटन को काफी प्रोत्साहन दिया है और इसी दिशा में वर्ष 2021 में, कैसर-ए-हिन्द नमक तितली को राज्य तितली नाम से घोषित भी किया।
भारत की राजधानी दिल्ली में भी कुछ तितली उद्यान पाए जा सकते हैं। असोला भट्टी वन्यजीव अभ्यारण्य में इसी वर्ष वन विभाग ने एक तितली उद्यान का उद्घाटन किया है जहां तितलियों के पसंदीदा पौधे लगाए हैं। यहाँ स्ट्राईप्ड टाइगर, पीकॉक पैन्सी, ब्लू पैन्सी, वाइट ऑरेंज टिप, कॉमन लाइम आदि तितलियों को देखा जा सकता है।
तितलियों के लिए व्यक्तिगत प्रयास से बने उद्यान
यह जानने योग्य है कि इस तरह के उपक्रम केवल सरकार द्वारा नहीं लिए जाते बल्कि व्यक्तिगत प्रयास से भी निजी जमीन पर एक सुन्दर उद्यान निर्मित किया जा सकता है, जो तितलियों के आकर्षण का केंद्र बनने के साथ-साथ और कई लोगों के लिए भी आनंदप्रद एवं जागरूकता प्रदान करने वाला हो सकता है।
एक ऐसा ही निजी प्रयास महाराष्ट्र के ठाणे जिले के निवासी राजेंद्र ओवलेकर ने अपनी 2 एकड़ की निजी जमीन पर किया और ओवलेकर वाड़ी तितली उद्यान को विकसित किया। ओवलेकर उद्यान में तितलियों की लगभग 100 प्रजातियां देखी जा सकती हैं और ओवलेकर जी स्वयं दिलचस्पी लेकर आगंतुकों को तितलियों की विविधता से लेकर पूरे जीवन चक्र से अवगत करते हैं।
गोवा के पोंडा में भी कुछ आम नागरिकों ने मिलकर करीब 1 एकड़ के बंजर जमीन को अपने उद्यम और रूचि से हरा भरा कर दिया और उसमें तितलियों को आकर्षित करने वाले पेड़-पौधों को रोपित किया। इसे गोवा तितली संरक्षिका (गोवा बटरफ्लाई कन्सेर्वटोरी) के नाम से जाना गया और अब गोवा जाने वाले कई आगंतुकों के लिए यह एक पर्यटन स्थल बन चुका है।
यह बिलकुल संभव है कि आप अपने घर के निजी बगीचे को भी तितलियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना सकते हैं। आपको केवल यह करना है कि तितलियों के पसंदीदा पौधों का रोपण करें। स्टैचिटारफाएटा, सेलोसिया, ज़ेनिया, इक्सोरा, क्रोटोलेरिया, हेलियोट्रोपियम, यूपेटोरियम आदि कुछ ऐसी प्रजातियां हैं जो तितलियों को काफी आसानी से आकर्षित करती हैं। आपके आंगन में सुन्दर पंखों वाली परियों का आगमन न केवल आपके मन और आंगन को ख़ुशी देगा, साथ ही साथ परागण करने वाले इन जीवों की संख्या में भी वृद्धि लाएगा।
---------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।