बीजेपी के पूरे चुनावी कैंपेन का मुख्य चेहरा पीएम मोदी ही रहे।
- फोटो : PTI
बीजेपी के लिए दक्षिण के द्वार बंद?
इस हार के साथ ही दक्षिण भारत से बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया है और पार्टी को मिशन-साउथ में बहुत बड़ा झटका लगा है। यही नहीं, इससे बीजेपी के अखिल भारतीय पार्टी होने वाले दावे को भी झटका लगा है।
दक्षिण के छह राज्यों में 130 लोकसभा सीटें आती हैं जो कुल लोकसभा सीटों का करीब 25 फीसदी हैं। ऐसे में सियासी तौर पर केंद्र में सरकार बनाने के लिहाज से दक्षिण भारत भी काफी महत्वपूर्ण है। बीजेपी अपने दम पर दक्षिण के राज्यों में से सिर्फ कर्नाटक में ही जड़ें जमा पाई थी। आंध्र प्रदेश, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और तेलंगाना में बीजेपी अभी तक खुद को स्थापित नहीं कर पाई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को कर्नाटक और तेलंगाना में सीटें मिली थी, लेकिन दक्षिण के बाकी राज्यों में उसे सीट नहीं मिली थी।
कर्नाटक के जरिए बीजेपी दक्षिण में अपना पैर पसारना चाहती थी लेकिन यहां उसे सफलता नहीं मिली है। कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीटें हैं और यहां बीजेपी की हार निश्चित रूप से पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। कर्नाटक में फिलहाल बीजेपी के पास 25 लोकसभा सांसद हैं जबकि कांग्रेस-जेडीएस के पास केवल 2 लोकसभा सांसद हैं। इस चुनाव परिणाम का असर बाकी राज्यों पर भी पड़ने की संभावना है।
तमिलनाडु और तेलंगाना में, बीजेपी सत्ताधारी दलों- डीएमके और बीआरएस के खिलाफ आक्रामक कैंपेन चला रही है। साथ ही, पीएम मोदी केरल को भी लगातार सौगात दे रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी की इस हार से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश सहित दक्षिण के बाकी राज्यों में उसको बड़ा सियासी नुकसान हो सकता है।
पीएम मोदी की छवि को नुकसान
लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव, किसी भी चुनाव में बीजेपी के लिए पीएम मोदी ही चेहरा रहते हैं। हमेशा की तरह कर्नाटक में भी बीजेपी के पूरे चुनावी कैंपेन का मुख्य चेहरा पीएम मोदी ही रहे। इस साल की शुरुआत से लेकर चुनाव तक पीएम मोदी लगातार कर्नाटक दौरे पर थे और चुनावी कैंपेन के आखिरी चरण में ही उन्होंने राज्य में 20 से ज्यादा रैलियां की थी।
ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले चुनावों में लोगों के बीच एक मैसेज जा सकता है कि पीएम मोदी का चेहरा अब उतना असरदार नहीं रह गया है। विपक्ष का यह भी मानना है कि मोदी मैजिक अब ठहर सा गया है।
इस चुनाव परिणाम से बीजेपी के कांग्रेस मुक्त भारत कैंपेन को भी बड़ा झटका लगा है। 2024 में लोकसभा के चुनाव हैं और इससे पहले राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में चुनाव होने हैं। इनमें से राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है और मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की स्थिति ठीक-ठाक है।
इन नतीजों से राहुल गांधी की इमेज पर एक सकारात्मक असर हो सकता है और कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी एकता को मजबूत करने का रास्ता भी खुल सकता है। कुल मिलाकर, कांग्रेस के लिए कर्नाटक की जीत 2024 में बड़ी लड़ाई से पहले माहौल बनाने का अच्छा मौका है और यह पार्टी के लिए संजीवनी का काम करेगी।
----------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।