प्रकृति में कुछ भी आकस्मिक नहीं होता। यदि कोई बड़ा पेड़ सैकड़ों वर्षों तक जंगल में खड़ा रहता है और अचानक बुरे मौसम की वजह से धराशायी हो जाता है, तो क्या वह खत्म हो गया? नहीं, इसके विपरीत! वह सड़ता है। समय के साथ धीरे-धीरे। थोड़ा-थोड़ा करके प्रकृति उसे धरती के भीतर समा लेती है। कई वर्षों के दबाव के बाद, एक समय ऐसा आता है, जब कुछ नया बनता है, वह कोयले का रूप ले लेता है। जब कोयले पर और अधिक दबाव पड़ता है, तो परिमाणस्वरूप वह हीरा (डायमंड) बन जाता है। आम तौर पर, किसी भी कण पर जब एक सीमा से अधिक बाहरी दबाव डाला जाएगा, तो आखिरकार उसकी सहनशक्ति के बाहर हो जाएगा और कुछ नया पैदा होगा। इस सरल अवधारणा ने मेरे जीवन को पूरी तरह बदल दिया।
आजकल, मैं जान-बूझकर खुद को काफी दबाव वाली स्थितियों में डालता हूं, ताकि कुछ नया, अद्भुत और रचनात्मक उभरकर आ सके। इसका आपसे और आपके जीवन से क्या लेना-देना है? दरअसल, ऐसे कई लोग, जिन्हें मैं जानता हूं, अपनी पूरी जिंदगी दर्द और दबाव से बचने की कोशिश करते रहते हैं, इस डर से कि कुछ बुरा हो सकता है। जिंदगी की नाव चलाने में महारत कैसे हासिल करनी है, यह सीखने के लिए मेरा मानना है कि हमें तू्फानों में प्रवेश करना होगा, क्योंकि ऊंची लहरों के बीच ही एक कप्तान अपने जहाज को बुरी से बुरी परिस्थितियों में नियंत्रित करना सीख सकता है। यही वजह है कि मैं अक्सर ऐसे सेमिनार अटेंड करने की कोशिश करता हूं, जो मुझे अपनी व्यक्तिगत सीमाओं तक ले जाएं। दो साल पहले, मलयेशिया में एक कार्यशाला में, मुझे आंखों पर पट्टी बांधकर एक फाइटर से बचने का प्रयास करने के लिए कहा गया। दहशत और पसीने से तर-बतर होने के बावजूद, मैंने एहसास किया कि हमारे भीतर का दिशासूचक कितना शक्तिशाली होता है। जब आप अपनी सीमाओं को परखते हैं, तो आपको एक चीज के लिए तैयार रहना होगा।
मेरे जीवन में, कई ऐसी परिस्थितियां रहीं, जहां मुझे महसूस हुआ कि अब मैं दबाव सहन नहीं कर सकता था। लेकिन बाद में मुझे एहसास हुआ कि मैं एक महान साहसिक कार्य के बीच में था, और जिसे मैं केवल आंशिक रूप से ही प्रभावित कर सकता था। यह चुनौतीपूर्ण जीवन इस खोज के बारे में था कि हमारे भीतर क्या छिपा हुआ है। अपने जीवन की किन परिस्थितियों को आप याद कर सकते हैं, जहां पर दबाव इतना अधिक था कि सहन करना मुश्किल था? इन परिस्थितियों का आखिर क्या परिणाम हुआ? जीवन में खुद को अभी जो आप हैं, उससे आगे जाने और पहले से बेहतर होने के लिए अपने ऊपर एक दबाव जरूर लाएं। ऐसा दबाव जो आपको काम करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमेशा प्रेरित करता रहे।
सूत्र- सबको गले लगाएं
जीवन में कामयाबी का असली रहस्य-अपनी सोच से कहीं ज्यादा तेजी से हासिल करें। एक ऐसा दबाव, जो हमें सफलता और सही मार्ग पर ले जाने के लिए हो, तो यह हमारे लिए ऑक्सीजन की तरह काम करता है, जो हमारे जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। खुद को ऐसा बनाएं कि हर स्थिति को हां कहें, चाहे वह सबसे अच्छी हो या बुरी, सबको गले लगाएं।
-‘अनबॉक्स यॉर लाइफ के अनूदित अंश’