भील- भिलाला समुदायों को जोड़ने का प्रयास
राजस्थान में संस्थाओं के काम करने के लिए बहुत अच्छा माहौल है, परंतु मध्यप्रदेश जैसे पिछड़े इलाके में उस समय भी और अभी भी स्वैच्छिक संस्थाओं के लिए माहौल नहीं था। काम की शुरुआत हुई तो लोगों को जोड़ना बहुत मुश्किल था। लोग अक्सर इन लोगों को देखकर जंगलों में भाग जाते थे और बात करने के लिए तैयार नहीं होते थे।
नीलेश और उनके कुछ मित्रों ने देखा कि यहां पर तेजाजी उत्सव बड़े पैमाने पर मनाया जाते हैं और तेजाजी जयंती के दौरान गांव-गांव में मेले लगते हैं। बस उन्होंने इसी आइडिया को पकड़कर अपने काम की शुरुआत की और सभी मेलों में पानी संरक्षण के छोटे-छोटे स्टॉल लगाना शुरू किए। इसका बड़ा फायदा हुआ और लोग जुड़ने लगे, क्योंकि पानी उनके जीवन से भी जुड़ा था।
नीलेश और उनके मित्रों ने नुक्कड़ नाटक, गीत, पोस्टर, बैनर आदि बनाए जो पानी के संरक्षण को लेकर थे और इनका प्रदर्शन बड़े स्तर पर हर जगह किया।
1990 के आते-आते यह काम बड़ा प्रचलित हुआ और इसकी वजह से पानी स्थानीय स्तर पर एक बड़ा मुद्दा बना जिसमें समुदाय के लोगों के साथ- साथ प्रशासन भी जुड़ा। 1990 में संपर्क संस्था का सोसायटी एक्ट में पंजीयन हुआ और इस तरह से संस्था का काम विधिवत आरंभ हुआ। 'गांव का पानी गांव में' जैसा नारा लगाकर जो काम शुरू हुआ था उससे खेती, शिक्षा और स्वास्थ्य के नए आयाम भी जुड़े, सीड बैंक की शुरुआत हुई और 1994 में शिक्षा का पहली बार कोई प्रोजेक्ट मिला।
इसमें ऐसे बच्चे आकर जुड़े जो अपनी पीढी के पहले बच्चे थे जो सीधे-सीधे शिक्षा से जुड़े थे, अभी भी नुक्कड़ नाटक समुदाय को जोड़ने का सशक्त माध्यम था।
संपर्क संस्था का काम फैलने लगा और संपर्क ने रायपुरिया और पेटलावद के बीच में 7 बीघा जमीन खरीदी और यहां पर एक छोटा सा प्रदर्शन क्षेत्र बनाया और अपना ऑफिस शुरू किया। शुरुआत में लोगों को बहुत विरोध का सामना करना पड़ा परंतु धीरे-धीरे लोगों को समझ में आया कि यह उनके लिए ही है और उनके फायदे के लिए ही संस्था काम कर रही है।
संपर्क ने गांव में लोगों के ग्राम कोष बनाए जिससे करीब करीब ₹70,0000 समुदाय के पास अपना था जिससे वे आपस में लेनदेन करते थे और इस तरह से ब्याज बट्टा करने वालों का हस्तक्षेप खत्म हुआ और वे लोग एक तरह से संपर्क से जलन रखने लगे।
संपर्क में मुख्य रूप से दो तरह की बातों पर ध्यान दिया गया था, संपर्क ने संगठन बनाया और संघर्ष के साथ-साथ निर्माण का कार्य भी किया, जिससे उसे झाबुआ के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी लोकप्रियता मिली। संस्था को दीर्घकालिक स्वतंत्र और स्थाई बनाए रखने के लिए संपर्क में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में काम किया और आजीविका के संदर्भ में भी विशेष रूप से खेती और लाइव स्टॉक का काम किया जिसमें पशुधन को बहुत महत्व दिया गया।
आज संपर्क लगभग 500 गांव में काम कर रहा है और एक लाख परिवार इनके साथ सीधे जुड़े हुए हैं। संपर्क में 250 पूर्णकालिक कार्यकर्ता हैं और 500 वॉलिंटियर संपर्क के साथ जुड़े हुए हैं। संपर्क वर्तमान में झाबुआ, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, रीवा, सतना, अलीराजपुर, रतलाम, धार, में पार्टनर के साथ काम कर रहा है। संपर्क में राज्य स्तर पर और राष्ट्रीय स्तर पर जीएम खेती का खासकर के जीएम कपास और बैंगन का बड़े पैमाने पर विरोध किया और इस काम में महेश भट्ट से लेकर बड़ी-बड़ी हस्तियों को अपने साथ जोड़ा था कि सरकार के साथ बड़े पैमाने पर पैरवी करके अंतरराष्ट्रीय कंपनियों पर रोक लगाई जा सके और स्थानीय परंपरागत खेती को बढ़ावा दिया जा सके।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।