दक्षिण में फिल्म निर्माता-निर्देशक हों या लेखक या फिर अभिनेता, नए विषयों और अछूते विषयवस्तुओं को लेकर जोखिम उठाने का साहस दिखाते हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
पहले हॉलीवुड की फिल्में देखते वक्त एक टीस सी उभरती थी काश इस तरह के अलग विषयों पर हमारे यहां भी फिल्में बनती तो कितना अच्छा होता। दक्षिण भारतीय फिल्मों ने भारतीय दर्शकों को इस दर्द से कुछ हद तक राहत दी है। हॉरर कॉमेडी से लेकर पीरियड ड्रामा तक और साइकोलॉजिकल थ्रिलर से लेकर साइंस फिक्शन तक, आज ऐसा कोई जॉनर नहीं जो दक्षिण भारतीय फिल्मों के लिए अछूता हो।
दक्षिण में फिल्म निर्माता-निर्देशक हों या लेखक या फिर अभिनेता, नए विषयों और अछूते विषयवस्तुओं को लेकर जोखिम उठाने का साहस दिखाते हैं और यही साहस फिलहाल बॉलीवुड में नजर नहीं आ रहा। बाहुबली ने हिन्दी पट्टी के दर्शकों में दक्षिण भारतीय फिल्मों को लेकर गजब का क्रेज पैदा किया फिर के जी एफ जैसी फिल्मों ने इस नए-नए पैदा हुए दीवानेपन को और विस्तार दिया। और अब जिस बेसब्री से हिन्दी फिल्मों के दर्शक केजीएफ 2, आर आर आर और राधेश्याम जैसी फिल्मों की प्रतीक्षा कर रहे हैं वो एक अलग ट्रेंड की ओर ही इशारा कर रहा है।
हाल ही में खबर आई कि आमिर खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म लाल सिंघ चड्ढा की रिलीज डेट (क्रिसमस 2021) से आगे बढ़ा दी गई है क्योंकि उसी हफ़्ते तेलगु फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा भी रीलीज होने को तैयार है और लाल सिंघ चड्ढा के मेकर्स बॉक्स ऑफिस पर किसी तरह का संभावित टकराव नहीं चाहते।
मुझे याद नहीं आखिरी बार ऐसा कब हुआ था जब आमिर खान की किसी फिल्म प्रदर्शन की तारीख किसी नुकसान के डर से आगे बढ़ा दी गई हो। ये ख़बर इसलिए भी चौंकाने वाली है क्यूंकि इससे पहले आमिर खान की गिनती उन सितारों में होती थी जो बॉलीवुड की किसी भी बड़ी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पंगा लेने से हिचकिचाते नहीं थे। लेकिन आमिर दिग्गज अभिनेता के साथ ही चतुर व्यवसायी भी हैं। हवा के बदले रुख को वो भांप चुके हैं। आज आलम ये है की बॉलीवुड के बड़े सितारों की बड़ी फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर किसी बड़ी दक्षिण भारतीय फिल्म से टकराना नहीं चाहते।
दक्षिण भारतीय फिल्में सिर्फ घरेलू नहीं बल्कि अंतराष्ट्रीय टिकट खिड़की पर भी बॉलीवुड को जोरदार टक्कर दे रही हैं।
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इससे पहले भी इस तरह कि खबरें आई हैं कि बोनी कपूर और आर आर आर के निर्माताओं में रीलीज डेट को लेकर विवाद चल रहा है क्योंकि बोनी कपूर निर्मित बहुप्रतीक्षित बायोपिक मैदान और राजामौली कि मेगा बजट फिल्म आर आर आर की रीलीज डेट आपस में टकरा रही थी। फिलहाल आर आर आर अपने पूर्व घोषित रीलीज डेट यानी 7 जनवरी को आ रही है और फिलहाल खबर ये है कि मैदान मैदान छोड़ चुकी है।
दक्षिण भारतीय फिल्में सिर्फ घरेलू नहीं बल्कि अंतराष्ट्रीय टिकट खिड़की पर भी बॉलीवुड को जोरदार टक्कर दे रही हैं। मास्टर और बाहुबली जैसी फिल्मों के अंतराष्ट्रीय कलेक्शन इसका उदाहरण हैं। इससे ये बात तो साबित ही जाती है दक्षिण भारतीय फिल्मों के फलक का विस्तार तेजी से हो रहा है।
अब सिर्फ बॉलीवुड को ही भारतीय सिनेमा का पर्याय नहीं कहा जा सकता। कुछ सालों पहले तक जिस दक्षिण भारतीय सिनेमा को रीजनल मतलब प्रादेशिक सिनेमा कहा जाता था अब उसके दर्शकवर्ग में तेजी से इजाफा हो रहा है, जिस तेज़ी से दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रियता बढ़ी है उससे फिलहाल तो दक्षिण भारतीय सिनेमा को प्रादेशिक सिनेमा कहने की हिमाकत तो शायद ही कोई करेगा, लेकिन इस नए ट्रेंड के दूरगामी परिणाम क्या होंगे? कंटेट को लेकर पहले से ही आलोचनाओं से घिरे बॉलीवुड पर अब विषयवस्तु को लेकर दबाव और बढ़ रहा है।
पहले हॉलीवुड से तुलना होने पर बॉलीवुड के करता धर्ता ये बोलकर पल्ला झाड़ लेते थे कि हॉलीवुड एक ताकतवर और अमीर देश की इंडस्ट्री है। एक विकासशील देश की फिल्म इंडस्ट्री इसका मुकाबला नहीं कर सकती, लेकिन दक्षिण भारत ने ये कर दिखाया। आज तेलुगू, मलयालम, तमिल और कन्नड़ सिनेमा भव्यता के साथ-साथ बेहतरीन कंटेंट भी परोस रहे हैं। दर्शकों को और क्या चाहिए? जिस तेजी से दक्षिण भारतीय फिल्मों के फलक का विस्तार हो रहा है कुछ सालों बाद अगर बॉलीवुड भी उसकी छाया के नीचे आ जाए तो हैरानी न होगी।