दर्शकों को स्तब्ध करने वाली फिल्म
फिल्म देखते हुए हम दर्शक अपने बचपन में पहुंच जाते हैं। हम सबको कभी-न-कभी घर पर अकेले रहना पड़ा है। ओह, कितना डरावना समय हुआ करता था। कितनी भयानक आवाजें सुनाई देती थीं, कितनी तरह की आकृतियां कंपाती थीं। मगर केविन बहादुर है, अक्लमंद है। हां, उसके कारनामे अचम्भित करने वाले जरूर हैं।
वह चोरों को खूब छकाता है, दर्शकों को खूब हंसाता है। चोरों को उल्लू बनाने के लिए वह बॉबी ट्रैप तैयार करता है (क्या आठ साल का बच्चा यह सब कर सकता है? पर छोड़िए यह सब तर्कपूर्ण बातें और फिल्म का मजा लीजिए।)। केविन न तो रोता है, न किसी अन्य की सहायता की पुकार लगाता है और न ही उसकी घिग्घी बंधती है वह तो मजे-मजे में चोरों को दांतों चने चबवाता है और अपने घर को सुरक्षित रखता है। किसी को बुला नहीं सकता है क्योंकि फोन काम नहीं कर रहा है और मोबाइल का जमाना था नहीं। घर के आसपास कोई ढंग का आदमी है भी नहीं।
103 मिनट की इस फिल्म में कॉमेडी है, मगर जो बात काबिले-तारीफ है, वह है, आठ साल केविन अर्थात मैकॉले कल्किन के गजब की अभिनय क्षमता।
शायद आपने मैकॉले कल्किन को ‘अंकल बक’, ‘रिचीरिच’, ‘माई गर्ल’, ‘पार्टी मॉन्स्टर’, ‘पार्टी गर्ल 2’, ‘होम अलोन 2’ आदि फ़िल्मों में देखा हो। ‘होम अलोन’ तथा ‘होम अलोन 2’ फिल्म को मैकॉले कल्किन अपने दम पर सफल बनाता है। यहां तक कि दोनों चोर जो वयस्क अभिनेता हैं, वे भी फीके पड़ जाते हैं। उनकी जो द्युति है वह मैकॉले की ही चमक है।
शक नहीं कि इस प्रतिभावान बच्चे के सामने इस चरित्र को निभाते समय कड़ी चुनौती रही होंगी मगर वह उन्हें सहजता से निभाता है। उसका आत्मविश्वास चकित करता है।
मैकॉले कल्किन को मिली पहचान
मैकॉले कल्किन और ‘होम अलोन’ की सफलता का नतीजा हुआ इसके कई स्विक्वेल बने। ‘होम अलोन 2: लॉस्ट इन न्यू यॉर्क’ (1992), ‘होम अलोन 3’ (1997), ‘होम अलोन 4’ (2002), ‘द होलीडे हेस्ट’ (2012), और अब दो साल पहले 2021 में ‘होम स्वीट होम अलोन’। यह सही है कि आगे भी ऐसी फिल्में बनेंगी।
जाहिर-सी बात है अभिनेता मैकॉले कल्किन की उम्र बढ़ी है और वह अपनी उम्र के अनुसार चरित्र निभाने लगा है, सो हर स्विक्वेल में वह नायक नहीं है। मगर पहली दो फिल्मों ने उसके कैरियर को उछाल दिया और फिल्म को भी। मूल ‘होम अलोन’ को कॉमेडी श्रेणी की फ़िल्मों में बॉक्स ऑफ़िस पर सर्वाधिक सफल फिल्मों में द्वितीय स्थान प्राप्त है।
स्लैपस्टिक कॉमेडी ‘होम अलोन’ पहली फिल्म का संगीत लाजवाब है, चाहे चीख हो अथवा अन्य संगीत। जिसका संगीत निर्देशन जॉन विलियम्स ने किया है। फिल्म को 2 ऑस्कर के लिए नामांकित किया गया था। तरह-तरह के 11 पुरस्कार मिले। आज इसका ब्लू रे संस्करण उपलब्ध है, जिसमें निर्देशक क्रिस कोलम्बस और नायक मैकॉले कल्किन की स्वर कमेंट्री भी शामिल है।
मैंने तो इस समयातीत क्लासिक फ़िल्म ‘होम अलोन’ को कई बार देखा है, आप भी अवश्य देखें। मुझको हर बार मजा आया। आपको भी अवश्य मजा आएगा। एक बार केविन के साथ बच्चा बन कर घर पर अकेले (होम अलोन) रहने का आनंद उठाइए।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।