होटल में हत्याकांड की जांच करती पुलिस
- फोटो : AmarUjala
हरिद्वार के शिवमूर्ति चौक की गली (श्रवणनाथ नगर) में होटल सुनीता में एक युवक की हत्या कर दी गई। शव को डबलबेड के बॉक्स में छिपाकर साथ आए दो युवक फरार होने में कामयाब रहे। हत्याकांड को अंजाम देने के आरोपियों में से एक उत्तराखंड पुलिस का सिपाही बताया जा रहा है। पुलिस फरार युवकों की धरपकड़ में जुट गई है।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे सुनीता होटल का कर्मचारी कमरे की सफाई में जुटा था। दूसरी मंजिल पर बने कमरा संख्या 204 का दरवाजा खोलते ही बदबू आने पर उसने होटल स्वामी अमित अरोड़ा को बुला लिया। होटल स्वामी ने जब डबलबेड का बॉक्स खोला तो दंग रह गए। कच्छा बनियान में एक युवक का शव बॉक्स में पड़ा था। शव बुरी तरह से फूला होने से उसका चेहरा पहचानना भी मुश्किल था।
घटना की सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा, एसएसआई गिरीश चंद्र शर्मा, मायापुर चौकी प्रभारी दुर्गेश चंद्र घटनास्थल पर पहुंच गए।