बहादुरगढ़। एमआईई पार्ट-ए स्थित फैक्टरी में लगी भीषण आग में दो श्रमिकों की जिंदा जलकर मौत और एक श्रमिक के गंभीर रूप से घायल होने की घटना पर मजदूर कल्याण मंच (संबंधित एआईयूटीयूसी) ने गहरा रोष जताया है। जिला अध्यक्ष सतीश कुमार ने इस घटना को बेहद वीभत्स और डरावनी बताया।
सतीश कुमार ने कहा कि रबड़ और केमिकल उत्पाद बनाने वाली फैक्टरी में आग लगने की संभावना अधिक रहती है। वहां मालिक द्वारा श्रमिकों को अंदर बंद कर फैक्टरी में छोड़ देना बेहद गंभीर और आपराधिक लापरवाही है। आरोप लगाया कि फैक्टरी में आग से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए थे।
संगठन ने पूरे मामले की गहन न्यायिक जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही दोनों मृतक श्रमिकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा और घायल श्रमिक को 20 लाख रुपये की सहायता देने की मांग की है।
मृतक के आश्रित को नौकरी देने, घायल श्रमिक का समुचित इलाज कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए हर फैक्टरी में फायर फाइटिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से स्थापित करने की मांग की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।