महिलाएं जुटी होली की खरीददारी में
- फोटो : अमर उजाला
होली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। जहां घरों की साफ-सफाई शुरू हो गई है तो वहीं महिलाएं चिप्स, पापड़ और गुझिया बनाने में जुट गई हैं। जबकि त्योहार में लोगों को परेशानी न हो इस देखते हुए नगर पालिका प्रशासन सफाई के साथ ही निर्वाध पेयजलापूर्ति की व्यवस्था में लग गया है।
होली के त्योहार को देखते हुए नगर में रंग और गुलाल की दुकानें सज गई हैं। कैसेटों की दूूकानों पर होली के गीतों का कैसेट बिकने लगा है। बच्चों के उत्साह को देखते हुए अभिभावक रंगों और पिचकारी की खरीदारी करने लगे हैं। बाजार तरह-तरह के होलियाना रेडिमेड परिधानों से पट गया है। बच्चों की अपनी पसंद है तो बड़ों की अपनी। महिलाओं के लिए भी महानगरों की तर्ज पर एक से बढ़कर एक डिजाइन वाले परिधान दुकानों में नजर आ रहे हैं।
एक प्रतिष्ठान के प्रोप्रराइटर मोनू जायसवाल ने बताया कि इस बार होली के लिए रंग-बिरंगे परिधान सभी वर्गों को को लुभाने वाले हैं। खासियत यह भी है कि उन पर 10 से 20 प्रतिशत तक डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन ने मुहल्ला व वार्ड स्तर पर रोस्टर बनाकर सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। होली के दौरान नगर में निर्वाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी तैयारी अंतिम चरण में है।
पालिकाध्यक्ष रेखा जायसवाल ने बताया कि नगर की सफाई व्यवस्था पर नगर पालिका प्रशासन की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है। होली पर सभी को स्वच्छ जल की किल्लत न हो इसके लिए नगर पालिका प्रशासन निर्बाध जलापूर्ति की व्यवस्था कर रहा है।
उधर, जिला प्रशासन की ओर से त्योहार को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इसके तहत जिले के सभी थानों के थानाध्यक्षों को क्षेत्रीय लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अवांछनीय तत्वों पर भी विशेष नजर रखने को कहा गया है। किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके लिए पुलिस भी लोगों से सहयोग करने की अपील कर रही है। पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा बताते हैं कि सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठक कर पर्व पर खुशहाली बनाए रखें।