वहीं सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि चिक मंडी मौलवीगंज में पिछले दिनों मिली कोरोना मरीज के परिवार की एक 19 वर्षीय युवती भी पॉजिटिव पाई गई है। उधर आलमबाग में क्वारंटीन में रहे आलमबाग निवासी प्रवासी मजदूर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है।
कहा, दोनों को लोकबंधु अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है। उधर निशातगंज में गर्भवती में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसे लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह महिला निशातगंज के ही फातिमा अस्पताल में दिखाने गई थी। जिसके चलते सीएमओ के आदेश पर फातिमा अस्पताल की इमरजेंसी की एक यूनिट को बंद कर दिया गया है।
एसीएमओ डॉ. अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि गर्भवती महिला के संपर्क में आए फातिमा अस्पताल के डॉक्टरों व स्टॉफ की सूची मांगी गई है। लोकबंधु अस्पताल के निदेशक डॉ डीएस नेगी ने बताया कि गर्भवती महिला का प्रसव का समय जल्द है। उसे बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं सरोजनीनगर की बिजनौर ग्राम पंचायत के मोहम्मदनगर मोहल्ले में एक महिला की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने की खबर फैलते ही हड़कंप गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया है। यह महिला अपने पति के साथ मुंबई से तीन दिन पहले श्रमिक स्पेशल ट्रेन से आई थी।
बलरामपुर अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव की मौत के बाद इमरजेंसी 48 घंटे के लिए बंद कर दी गई है जिसे सैनिटाइज कराया जा रहा है। वहीं डॉक्टर समेत 20 लोगों के स्टाफ को क्वारंटीन में भेजा गया है।
पांच दिन बाद सभी की जांच कराई जाएगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु का कहना है कि इमरजेंसी को वार्ड नंबर 8 में शिफ्ट किया गया है। मालूम हो कि बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी को बीते माह एक कोरोना मरीज आने पर बंद किया गया था। एक बार फिर मौलवीगंज निवासी कोरोना मरीज के यहां आने और फिर उसकी मौत हो जाने से हड़कंप है।