प्रदेश के लोगों को छह चुनिंदा अस्पतालों में घर बैठे रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए राज्य के छह अस्पतालों को ई अस्पताल बनाया जाएगा। डॉक्टरों से समय लेने के लिए मरीज या उनके परिजन मोबाइल के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
इस सुविधा के लिए एनआईसी द्वारा तकनीकी सहयोग दिया जाएगा। हार्डवेयर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। किन अस्पतालों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, इसका फैसला प्रदेश सरकार द्वारा लिया जाएगा।
पांच-छह माह के भीतर यह सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। इस बात की घोषणा बुधवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक और आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की।
उन्होंने कहा कि देहरादून में स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क से मात्र 80 करोड़ रुपये का निर्यात होता है। इसमें सुधार की गुंजाइश है। इसके अलावा पंतनगर में एक और सॉफ्टवेयर पार्क खोला जाएगा।