झज्जर। जिले के दो खिलाड़ियों का हाल ही में खेली गई भारत महिला अंडर-19 टी-20 त्रिकोणीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन रहा है। इस दौरान जिले के बहादुरगढ़ निवासी तनिष्का शर्मा ने बल्लेबाजी और गांव पहाड़ीपुर निवासी पूर्वा सिवाच का ऑलराउंडर के रूप में सीरीज खेली।
बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में भारत अंडर-19 ए, भारत अंडर-19 बी और नेपाल अंडर-19 की टीम के बीच भारत महिला अंडर-19 टी-20 त्रिकोणीय सीरीज खेली गई। इस दौरान भारत अंडर-19 बी की टीम त्रिकोणीय सीरीज की चैंपियन बनी। जिले की दोनों खिलाड़ी तनिष्का शर्मा व पूर्वा सिवाच भारत अंडर-19 ए टीम में शामिल रही।
तनिष्का शर्मा को त्रिकोणीय सीरीज में फाइनल मैच सहित कुल चार मैच खेलने का मौका मिला। इस दौरान उसने चार मैचों की चार पारियों में 16 चौकों व पांच छक्कों की मदद से कुल 153 रन बनाए। इसके साथ ही तनिष्का शर्मा ने फाइनल मैच में 62 रनों की अर्धशतकीय पारी भी खेली। इसके अलावा उसने सीरीज में तीन कैच भी पकड़े।
इसके अलावा पूर्वा सिवाच को त्रिकोणीय सीरीज में फाइनल सहित कुल चार मैच खेलने का मौका मिला। इस दौरान उसने चार मैचों की चार पारियों में एक चौके की मदद से 15 रन बनाए। इसके साथ उसने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह विकेट हासिल किए। पूर्वा सिवाच का आगामी इंग्लैंड अंडर-19 के साथ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए भारत अंडर-19 टीम में चयन हुआ है।
24jjrp11- झज्जर। तनिष्का शर्मा