बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर छोटूराम नगर के पास शनिवार देर शाम दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं एक से डेढ़ घंटे के अंतराल पर हुईं। मृतकों में बिहार निवासी मोतीलाल (53) और विमलेश (20) हैं।
दोनों छोटूराम नगर में रहते थे और फैक्टरियों में मजदूरी करते थे। जीआरपी के एएसआई राजेश मुदगिल ने बताया कि पहला हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे हुआ। मोतीलाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। रोजाना की तरह शनिवार को ड्यूटी पर गए थे।
देर शाम छुट्टी के बाद वह रेलवे ट्रैक के साथ-साथ पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गए जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही एएसआई राजेश मुदिगल मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
जीआरपी के एएसआई राजेश मुदगिल ने बताया कि दूसरा हादसा करीब साढ़े 9 बजे छोटूराम नगर फाटक के पास हुआ। विमलेश सेक्टर-17 स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे और अपने भाई नीलेश व मामा के साथ छोटूराम नगर में रहते थे। उसकी 12 घंटे की ड्यूटी थी।
विमलेश शनिवार सुबह नौ बजे काम पर गए थे। शाम को छुट्टी के बाद घर लौटते समय जब वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे तभी ट्रेन की चपेट में आ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। करीब एक घंटे बाद जब वे फाटक की ओर पहुंचे तो वहां भीड़ लगी मिली, लेकिन उन्हें हादसे की जानकारी नहीं थी। रात करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे और घटना का पता चला।