दो से आठ जुलाई तक चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द
खुर्जा जंक्शन। रेलवे स्टेशन पर आने वाली गोमती एक्सप्रेस समेत पांच पैसेंजर ट्रेनें दो जुलाई से आठ जुलाई तक रद्द रहेंगी। इससे दिल्ली और अलीगढ़ की ओर सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को समस्या का समाना करना पड़ेगा। रेलवे की ओर से ट्रेनें रद्द होने की सूचना प्रसारित की जा रही है।
खुर्जा स्थित सुल्तानपुर- बुढ़ेना और दादरी बीच फ्रेट कॉरिडोर ट्रैक पर निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके लिए अगले सप्ताह नालों और नहर के ऊपर गाटर डाले जाएंगे। इसकी वजह से खुर्जा से वाया गाजियाबाद होते हुए दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें अलीगढ़ से दिल्ली रूट की दोपहर 12:30 बजे खुर्जा जंक्शन पर आने वाली गोमती एक्सप्रेस भी शामिल है। इसके खुर्जा जंक्शन पर सुबह 7 बजे आने वाली अलीगढ़- नई दिल्ली पैसेंजर, सुबह 7:30 बजे आने वाली हाथरस दिल्ली पैसेंजर, सुबह 8.30 बजे आने वाली पलवल गाजियाबाद टूंडला पैसेंजर और सुबह 9:30 बजे आने वाली टूंडला- दिल्ली पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई हैं। यह सभी ट्रेनें एक सप्ताह तक रद्द रहेंगी। ऐसे में खुर्जा से गाजियाबाद और दिल्ली की ओर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
फ्रेट कॉरिडोर ट्रैक पर निर्माण कार्य के चलते ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके लिए समय-समय पर सूचना प्रसारित की जा रही है, जिससे दैनिक यात्रियों को असुविधा न हो।
- आरसी मीणा, स्टेशन अधीक्षक