राजस्थान में 5वीं और 8वीं के बाद अब तीसरी कक्षा में भी बोर्ड परीक्षाओं की तरह ही एक परीक्षा आयोजित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत बोर्ड परीक्षाओं की तरह छात्रों की कॉपियां भी संबंधित स्कूलों के बजाय अन्य स्कूलों से जंचवाई जाएंगी। राजस्थान के शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि राजस्थान में स्कूली शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए अब प्रदेश के स्कूलों में तीसरी कक्षा में भी बोर्ड परीक्षाओं की ही तरह एक मुल्यांकन परीक्षा आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है।
देवनानी ने कहा कि परीक्षा लेने के प्रारूपों पर कार्य किया जा रहा है और प्रारूप तैयार होने के बाद अगले सत्र से यह परीक्षा आयोजित कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए बोर्ड चेयरमेन, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य शिक्षाविदों से चर्चा किया जा रहा है और अधिकारियों को इसकी तैयारियों के लिए भी दिशा निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि शिक्षा मंत्री देवनानी ने ये नहीं बताया कि परीक्षा का स्तर कैसा और किस तरह का रहेगा। आपको बता दें कि राजस्थान में स्कूली स्तर की शिक्षा में सुधारों के लिए आए दिन किसी फेरबदल के साथ कुछ न कुछ प्रयोग में लाया जा रहा है जिनमें से कई चीजों पर काफी विवाद हो चुका है।