यूपी के शातिर चोरों ने सीएम अखिलेश यादव के खेल सलाहकार और पुलिस कमिश्नर तक के मकान का ताला तोड़ डाला पर वह भीतर नहीं घुस सके।
लखनऊ के वीवीआईपी इलाके बटलर पैलेस कॉलोनी में चोरों ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खेल सलाहकार व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त अनुराग भदौरिया और आजमगढ़ के कमिश्नर नीलम अहलावत के मकान का ताला तोड़ डाला। हालांकि, चोर भीतर नहीं घुस सके।
चोरों ने कमिश्नर और खेल सलाहकार के घर के पास रहने वाले डॉ. अंजनी कुमार पाठक के मकान को भी निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवर-नकदी समेट ले गये। वारदात के वक्त तीनों ही मकान पर ताला लगाकर बाहर गये थे।
तीनों मामले की रिपोर्ट हजरतगंज थाने में दर्ज करायी गयी है। बटलर पैलेस कॉलोनी के बी-9 निवासी मुख्यमंत्री के खेल सलाहकार ने बताया कि वह इन दिनों गोरखपुर में चल रही इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग में व्यस्त हैं।
बीते शनिवार की शाम वह शहर से बाहर थे तभी बदमाशों ने उनके मकान के ताले तोड़कर चोरी की कोशिश की। एक कुंडी चोर नहीं तोड़ सके जिससे चोरी नहीं हुई।
उन्होंने हजरतगंज कोतवाली की पुलिस को सूचना दी तो हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर विजयमल यादव सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और छानबीन की। खेल सलाहकार के कमरे से एक बड़ा ताला मिला।