बहादुरगढ़। पुलिस ने तकनीकी मदद से एक माह के दौरान 36 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये है। पुलिस कमिश्नर सिमरदीप सिंह और डीसीपी बहादुरगढ़ एवं क्राइम शुभम सिंह ने मंगलवार को बहादुरगढ़ स्थित पुलिस कार्यालय में मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे।
लंबे समय बाद खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। डीसीपी शुभम सिंह के अनुसार साइबर सेल की टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों, डिजिटल ट्रैकिंग और लगातार निगरानी के जरिये इन मोबाइल फोन को तलाशने में सफलता हासिल की।
टीम में तैनात उप निरीक्षक अभिषेक, सिपाही कविंद्र और राहुल ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मोबाइल उनके मालिकों को लौटा दिए गए।
मोबाइल में होती है निजी और बैंकिंग से जुड़ी अहम जानकारी
पुलिस कमिश्नर सिमरदीप सिंह ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं रह गया है। इसमें बैंकिंग से जुड़ी जानकारी, निजी दस्तावेज, पारिवारिक तस्वीरें और कई महत्वपूर्ण जानकारियां मौजूद होती हैं। ऐसे में मोबाइल गुम होने पर उसके दुरुपयोग की आशंका भी बनी रहती है। इसलिए मोबाइल खोने पर तुरंत पुलिस को सूचना देना जरूरी है।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत कराएं ब्लॉक
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाएं। भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल पर सीईआईआर सुविधा के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक करवाएं। इसके साथ ही अपने मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी या निजी जानकारी साझा न करें।
-फोटो 54 : पुलिस कमिश्नर सिमरदीप सिंह द्वारा लोगों को दिए गए उनके गुम हुए फोन। स्रोत : पुलिस