झुंझुनूं के डुमौली खुर्द गांव में सप्ताहभर पहले दिनदहाड़े शादी—समारोह के दौरान दो युवकों की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इन युवकों की हत्या चुनावी रंजिश में होने की बात सामने आई है।
एसपी मनीष अग्रवाल ने बताया कि सात दिन पहले हिस्ट्रीशीटर मुकेश निवासी नयागांव, हरियाणा और डुमौली खुर्द निवासी जयपाल की हत्या कर दी गई थी। मृतक मुकेश के भाई रामनिवास की तरफ से 7 मई को थाने में सात नामजद व 5-6 अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया था।
एसपी सुरेन्द्र गुप्ता ने बुहाना डीएसपी के नेतृत्व में सिंघाना थानाधिकारी, पचेरी थानाधिकारी, खेतड़ीनगर थानाधिकारी और चिड़ावा के थानाधिकारी की चार टीमें बनाकर हरियाणा भेजी। इन टीमों ने शनिवार को पहाड़ी गांव बहरोड़ में दबीश देकर रोहन उर्फ जसपाल निवासी बनवास, मनोज कुमार पुत्र शिंभुदयाल निवासी बहरोड़ अलवर तथा देवीलाल पुत्र फूलाराम निवासी पहाड़ी थाना बहरोड़ अलवर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि पुरानी चुनावी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पिछले पंचायत चुनाव में मुकेश उर्फ मुखा ने रंगलाल के भाई बंशीलाल के हाथ—पैर तोड़ दिए थे। तभी से दोनों गुटों की रंजिश चल रही थी। इसके साथ ही रायल्टी ठेके को लेकर भी विवाद था।