रुपये भरे नोटों के साथ गिरफ्तार हुआ युवक।
- फोटो : amar ujala
कुंभ मेला क्षेत्र में कार का शीशा तोड़कर उसमें से कीमती वस्तुएं पार कर देने वाला शातिर चोरों का एक गिरोह कीडगंज पुलिस के शिकंजे में आ गया। पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करके उनके पास से नौ महंगे मोबाइल समेत 19,400 रुपये बरामद किए हैं। चौकी प्रभारी नाका विमलेश त्रिपाठी, बैरहना चौकी प्रभारी अजीत कुमार को नए यमुना पुल के पास चोरों के गिरोह के मौजूद होने की सूचना मिली। छापेमारी के दौरान मौके से दिलीप कुमार, बनवारी लाल, नाथू राम, ननकून्ने सभी निवासी गोंडा पुलिस के हाथ लग गए।
पूछताछ में इन चारों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात मानी। अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि कुंभ के दौरान वह पार्किंग इलाकों के आसपास ही रहते थे। जब कोई श्रद्धालु गाड़ी खड़ी करके स्नान को चला जाता तब मौका देखकर वह वाहन का शीशा काट देते और उसमें से रखा सारा कीमती सामान निकाल लेते थे। सामान निकालने के बाद कीमती वस्तुएं अपने पास रख देते थे, जबकि बैग एवं कागज वहीं मेला क्षेत्र में फेंक देते थे। मोबाइल फोन आदि औने-पौने दाम में लोगों को बेंच देते थे। अभियुक्तों ने एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देने की बात भी कुबूली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नौ मोबाइल फोन समेत 19,400 रुपये की नकदी बरामद की है। एसएसपी के मुताबिक चारों आरोपियों के खिलाफ गोंडा, श्रावस्ती आदि जिलों में तमाम मामले दर्ज हैं। इन लोगों ने कीडगंज, दारागंज समेत कुंभ में गठित थाने कोतवाली, महामना मालवीय, सरस्वती घाट, एमजी मार्ग में भी वारदात अंजाम देने की बात स्वीकारी है।