फोटो 29जेएनडी14-सीआरएसयू में जादू दिखाते हुए जादूगर शंकर सम्राट। स्रोत प्रशासन
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित विश्वविख्यात जादूगर सम्राट शंकर के चार दिवसीय जादुई शो का रविवार रात समापन हो गया। समापन अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन अनुराधा सैनी मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने जादुई प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
चेयरपर्सन अनुराधा सैनी ने कहा कि जादू भारत की पारंपरिक और मनोरंजन से जुड़ी कलाओं में शामिल है। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ लुप्त होती पारंपरिक कलाओं और प्रतिभाओं को मंच मिलता है। कलाकार अपनी मेहनत, कौशल और रचनात्मकता से दर्शकों का मनोरंजन करते हैं। इससे बच्चों और युवाओं में जिज्ञासा तथा रचनात्मक सोच भी विकसित होती है।
उन्होंने युवाओं से मोबाइल फोन, इंटरनेट और आधुनिक तकनीकी साधनों का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल शिक्षा, ज्ञानवर्धन, कौशल विकास और प्रतिभा को निखारने के लिए किया जा सकता है।
समापन अवसर पर जादूगर सम्राट शंकर और उनकी टीम ने विभिन्न जादुई प्रस्तुतियां दीं। हैरतअंगेज करतब देखकर दर्शक रोमांचित हुए और तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। प्रस्तुतियों के दौरान मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी दिए गए।