08jjrp11- राजकीय कॉलेज बिरोहड़ में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते वक्ता।
साल्हावास। राजकीय महाविद्यालय बिरोहड़ में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
प्रशासनिक प्रभारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मानसिक स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे कार्यक्रम आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और भावनात्मक संतुलन विकसित करने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम संयोजिका डॉ. रश्मि ने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भावनाएं परिवार और मित्रों के साथ साझा करने तथा पढ़ाई, परीक्षा एवं करियर से जुड़े तनाव को समय रहते पहचानने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ की सहायता लेना सकारात्मक कदम है। इस अवसर पर अंजना, नीतू देवी, डॉ. अजय कुमार, सतपाल सिंह और डॉ. रीना उपस्थित रहे।