राजनैतिक जमीन तलाश रहे प्रॉपर्टी डीलर की ओर से आयोजित हुंकार रैली सांसद दीपेंद्र हुड्डा और शहर के किसी बड़े कांग्रेसी के शामिल न होने से फ्लॉफ साबित हुई। भीड़ जुटाने के लिए आयोजक ने मंच पर फूहड़ नाच कराया, भीड़ में मनचलों ने नृतकी पर जम कर रुपये भी लुटाए।
खास बात यह रही कि वरिष्ठ और पुराने कांग्रेसी भी इस रैली से दूर रहे। कुछ ही दिन पहले कांग्रेस में शामिल होने का दावा करने वाले प्रॉपटी डीलर ओपी भाटी ने शनिवार को हुंकार रैली का आयोजन सेक्टर 18 स्थित हुडा मार्केट में करने की दो दिन पहले घोषणा की थी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक आयोजक ने जिले के वरिष्ठ कांग्रेसियों को दरकिनार करते हुए यह घोषणा की थी। यहां तक कि क्षेत्रीय विधायक ललित नागर को भी कार्यक्रम से दूर रखा गया।
वरिष्ठ कांग्रेसी और विधायक इस बात से नाराज थे। सूत्रों के मुताबिक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रैली में आना स्वीकार कर लिया था लेकिन जब पुराने कांग्रेसियों की नाराजगी का पता चला तो उन्होंने ऐन मौके पर कार्यक्रम रद्द कर दिया।
कांग्रेसियों के अलग होने की वजह से उनके समर्थक भी रैली में नहीं पहुंचे। रैली में भीड़ जुटाने के लिए आयोजक ने मंच पर हरियाणवी गाने बजवाए जिस पर नृतकी ने फूहड़ डांस किया।
इस दौरान मंच पर एक महिला भी मौंजूद रही। आयोजक ने खुद को सामाजिक कार्यकर्ता साबित करने के लिए क्षेत्र के कुछ होनहार बच्चों को सर्टिफिकेट और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। रैली के बाद से आयोजक का फोन भी नहीं उठ रहा है।