अफवाह के बाद पिपरीडीह बाजार से नमक खरीदता बालक।
नमक को लेकर अफवाहों के बाजार पर सख्ती बरतने के लिए पहले दिन से ही पुलिस प्रशासन एलर्ट हो गया। पुलिस अधीक्षक ने नमक की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि सबसे अधिक वाट्सअप, फेसबुक, सोशल मीडिया पर इस प्रकार की अफवाह फैल रही है। सभी को चेताया गया है। किसी भी व्यक्ति के सोशल साइट पर इस प्रकार की अफवाह फैलाई गई तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में हालांकि शनिवार की रात नमक को लेकर फैली अफवाह का असर रहा कि दूकानों पर लोग नमक है या नहीं है, कि जानकारी करने के लिए पहुंच गए। लेकिन कुछ देर बाद नाममात्र के लोगों तक ही सिमट के रह गई। इसके चलते इसे लेकर कहीं भी अफरातफरी या लाइन की स्थिति नहीं बन पाई। उधर शासन का निर्देश मिलते ही शुक्रवार की रात को ही पुलिस प्रशासन ने भी अफवाहबाजों पर नकेल कसने के साथ ही कहीं भी हो रही बिक्री को लेकर सभी को एलर्ट किया। इसके चलते यह अफवाह जिले के लोगों को ज्यादा प्रभावित नहीं कर पाई।
पिपरीडीह संवाददाता के अनुसार परदहां ब्लाक के दर्जनों गांवों और चट्टी चौराहों पर नमक का रेट बढ़ने की अफवाह फैली। इसका परिणाम रहा कि सुबह होते ही पिपरीडीह, रैकवारेडीह, भार, कहीनौर, बबुआपुर मंसङी, ओंहाइच सहित कई गांवों में नमक के मूल्य बढ़ने की अफवाह फैल गई। इस दौरान किराने की दूकानों पर नमक के खरीदारों की भीड़ जमा हो गई।
पिपरीडीह बाजार में ग्रामीणों बोरी के हिसाब से नमक की खरीददारी शुरू की। इस दौरान खरगजेपुर गांव में नमक बीस से पचास रुपये प्रति किलो बिका। बाद में गांव वाले बाजार में आए तो नमक पुराने रेट पर उपलब्ध मिला। इस पर अफवाह पर विराम लग सका। अमिला संवाददाता के अनुसार नमक की खरीदारी को लेकर लोगों में शुक्रवार की रात हाहाकार मच गया। कई दुकानों पर भीड़ जमा हो गई। अफवाह के बावजूद कुछ लोग चार से पांच किलो नमक घर में रख कर स्टाक बनाए।