बहादुरगढ़। बराही और बामडोली के युवा पहलवानों ने वियतनाम में भारत का परचम लहराते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 31 मई को वियतनाम में आयोजित अंडर-17 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में बराही निवासी साहिल छिल्लर ने 55 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और बहादुरगढ़ क्षेत्र का नाम रोशन किया। साहिल ने एशिया के कई मजबूत पहलवानों को कड़ी चुनौती दी। वह वर्तमान में बुपनिया स्थित जयबीर अखाड़ा में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इसी प्रतियोगिता में बामडोली के पहलवान हरदीप छिल्लर ने अंडर-23 के 130 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। वह मांडोठी स्थित हिंद केसरी सोनू अखाड़ा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जिला पार्षद एवं भाजपा जिला महामंत्री रविंद्र छिल्लर ने दोनों को बधाई देते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।