हरियाणा रोडवेज की बेकाबू बस ने शुक्रवार सुबह सरहंदी गेट की ट्रैफिक लाइटों के पास एक साइकिल सवार को कुचल दिया, जबकि बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो नौजवानों के अलावा एक महिला जख्मी हो गए।
घायलों को सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
मामले के जांच अधिकारी लाहौरी गेट थाना से एएसआई तेजिंदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हरियाणा रोडवेज की एक बस पहेवा से पटियाला की तरफ आ रही थी। सरहंदी गेट पर ट्रैफिक लाइट के नजदीक अचानक बस की ब्रेक फेल हो गई। बस ने पहले एक साइकिल सवार को कुचला।
इसके बाद बस ने पहले एक मोटरसाइकिल में टक्कर मारी। इसके बाद दो कारों में जाकर टक्कर मारी। एक पैदल जा रही महिला को भी घायल कर दिया। इसके बाद बेकाबू बस एक खंबे में जाकर टकरा गई और रूक गई।
इस हादसे में साइकिल सवार प्यारे लाल (35) मूल रूप से निवासी यूपी की मौके पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल सवार दो नौजवान सुमित निवासी गुरदासपुर और जसकरन सिंह निवासी मोगा और पैदल जा रही महिला सुखविंदर कौर घायल हो गए। इन्हें राजिंदरा अस्पताल दाखिल कराया गया है। पुलिस ने बस के आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।