पुलिस की कार्यप्रणाली से आक्रोशित वकीलों ने मंगलवार को तहसील परिसर में पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। वकील के भाई व भतीजे पर हुए प्राणघातक हमले के मामले में समुचित धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की। वकीलों ने जल्द ही केस दर्ज न होने पर 28 अप्रैल से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी है।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय प्रकाश के नेतृत्व में वकीलों ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विजय प्रकाश ने कहा कि अधिवक्ता सुरेश कुमार के भाई व भतीजे पर गांव के दबंगों ने फरसे से जानलेवा हमला किया था।
हमले में अधिवक्ता के भाई बुरी तरह से घायल हो गए जिनका इलाज अभी भी गोंडा में चल रहा है। मामले में तहरीर देने के बावजूद रेहरा थाने में मात्र एनसीआर दर्ज की गई। अधिवक्ताओं की मांग के बावजूद अभी तक समुचित धाराओं में केस दर्ज नहीं किया गया।
वकीलों ने रेहरा थानाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। वकीलों ने प्रदर्शन के बाद सीओ उतरौला को ज्ञापन भी सौंपा। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि 27 अप्रैल तक समुचित धाराओं में केस दर्ज नहीं किया गया तो 28 अप्रैल से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान अजीज, अमित, सुधीर, फरीद, रमेश, रवि, सुशील आदि वकील मौजूद रहे।