बहादुरगढ़। अबकी बार जुलाई महीने में कम बारिश के कारण किसानों की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि किसान खेतों में ट्यूबवेल के जरिए सिंचाई कर रहे हैं। वर्ष 2025 के मुकाबले 2026 में अब तक कुल 225 मिमी बारिश हुई है, जो फसलों के लिए नाकाफी है। वहीं, 2025 में 27 जुलाई तक 253 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। जबकि 2024 के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस वर्ष कुल 98 मिमी बारिश ही दर्ज हुई थी। हालांकि मंगलवार को क्षेत्र में 55 मिमी बारिश हुई, जिससे फसलों को लाभ मिलेगा। बहादुरगढ़ और बादली क्षेत्र में किसानों ने करीब 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की रोपाई की हुई है।
वर्ष 2026 में जुलाई महीने में हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 जुलाई सुबह 8 बजे से 2 जुलाई सुबह 8 बजे तक 4 मिमी, 4 जुलाई को 11 मिमी, 5 जुलाई को 7.6 मिमी, 7 जुलाई को 15.4 मिमी और 8 जुलाई को 18.4 मिमी बारिश हुई थी। इसके बाद 8 जुलाई को तेज बारिश हुई, जिसमें 78.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। 14 जुलाई को 10 मिमी, 20 जुलाई को 1.8 मिमी, 21 जुलाई को 4.6 मिमी, 22 जुलाई को 10.6 मिमी और 24 जुलाई को 9 मिमी बारिश हुई थी। 28 जुलाई को बहादुरगढ़ में 55 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस तरह जुलाई 2026 में अब तक कुल 225 मिमी बारिश हो चुकी है। हालांकि मौसम विभाग की ओर से 30 और 31 जुलाई को तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
यदि इन दो दिनों में अच्छी बारिश होती है तो किसानों की फसलों को काफी लाभ मिल सकता है।
बता दें कि वर्ष 2025 में 4 जुलाई को 29.2 मिमी बारिश हुई थी और 7 जुलाई को 61.20 मिमी बारिश, 10 जुलाई को 54 मिमी बारिश हुई। इसी तरह 15 जुलाई को 5.80 मिमी, 16 जुलाई को 25.10 मिमी, 18 जुलाई को 16.80 मिमी, 19 जुलाई को 7.20 मिमी, 22 जुलाई को 50.50 मिमी और 23 जुलाई को 3.50 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। वर्ष 2024 में कुल 98 मिमी बारिश दर्ज हुई थी।
वर्ष 2025 के मुकाबले 2026 में जुलाई महीने में कम बारिश हुई है। अब तक कुल 225 मिमी बारिश हुई है। हालांकि किसान लगातार ट्यूबवेल के जरिए सिंचाई कर रहे हैं। बहादुरगढ़ और बादली क्षेत्र में करीब 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल खड़ी है। अभी भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
-डॉ. सुनील कौशिक, एसडीओ, कृषि विभाग, बहादुरगढ़