संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। रेलवे रोड स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चल रहे गेट निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। इस संबंध में लोगों ने स्कूल की प्रधानाचार्य, संबंधित विभाग, विधायक, एसडीएम और नगर परिषद चेयरपर्सन को शिकायत भेजी है। शिकायत में बताया गया कि निर्माण स्थल पर न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही लोगों के लिए सुरक्षित मार्ग बनाया गया है। इससे विद्यालय परिसर में खड़े 20 से 25 वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
प्रवीण कुमार, देवराज आदि ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे सुपरवाइजर द्वारा सुरक्षा इंतजामों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। मौके पर बैरिकेडिंग, सेफ्टी टेप सहित अन्य सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। शिकायतकर्ताओं ने जनहित में तुरंत सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की है।