पंजाब में फैले नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए अब नया तरीका अपनाया गया है। पुलिस नशा तस्करों तक पहुंचने के लिए आम लोगों को लुभाने में लगी है। पंजाब सरकार की ओर से नशे की रोकथाम को लेकर सूबे के प्रशासन अधिकारियों को कड़े आदेश जारी किए गए हैं। सरकारी आदेशों पर पुलिस अधिकारियों ने सख्ती के साथ अमल करना शुरू कर दिया है।
कोई भी नशा बेचता पकड़ा जाता है तो उस पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला ने कहा कि नशा बेचने वालों के बारे में हेल्पलाइन नंबर 95929-18005 पर काल कर, एसएमएस कर के या व्हाट्सऐप कर दी जा सकती है। यह नंबर सीधे पुलिस कमिश्नर शुक्ला की निगरानी में होगा। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे 10000 रुपये पुरस्कार के तौर पर दिए जाएंगे।
पुलिस कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को शहर में नशा तस्करों, भ्रष्टाचार और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों पर कड़ा शिकंजा कसने की आदेश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय कंट्रोल रूम में बुधवार को तमाम अधिकारियों व थानेदारों को अवगत करवा दिया कि नशा बिक्री के मामले में किसी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।