सांपला। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम दिवाली को लेकर तकनीकी खामियों को दूर कर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा है। गर्मी में बिजली केबल जलने, ट्रांसफार्मर में तेल की कमी और अन्य तकनीकी कारणों से आपूर्ति बाधित हो रही थी।
लाइनों के साथ लगने वाले पेड़ों की टहनियां भी साफ की जा रही हैं। इसके लिए फीडर प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खामियों की पहचान कर उन्हें ठीक करवाने के निर्देश हैं। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार पर निगम कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी।
चौबीस घंटे में दो-दो कर्मचारी तैनात रहेंगे और प्रत्येक टीम को निर्धारित क्षेत्र की जिम्मेदारी दी जाएगी।
एसडीओ सांपला मनीष यादव ने बताया कि दिवाली पर बिजली की खपत बढ़ जाती है। ट्रांसफार्मर के अधिक गर्म होने की आशंका को देखते हुए उनमें तेल की कमी पूरी की गई है। संवाद